अमेरिका : 9/11 हमले के मुख्य साजिशकर्ता खालिद शेख मोहम्मद पर 2028 में शुरू होगा मुकदमा

Ads

अमेरिका : 9/11 हमले के मुख्य साजिशकर्ता खालिद शेख मोहम्मद पर 2028 में शुरू होगा मुकदमा

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 08:28 AM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 08:28 AM IST

वाशिंगटन, 27 अगस्त (एपी) अमेरिकी सैन्य अदालत के एक न्यायाधीश ने 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमलों की साजिश रचने के आरोपी खालिद शेख मोहम्मद और तीन अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए 2028 की तारीख तय की।

मुकदमा पांच जून 2028 से शुरू होगा। अमेरिकी वायुसेना के लेफ्टिनेंट कर्नल माइकल ए. श्रामा ने अपने फैसले में लिखा कि मुकदमे से पहले के विवादों को सुलझाने के लिए अतिरिक्त समय जरूरी है। इनमें यह मतभेद भी शामिल हैं कि मुकदमे के दौरान कौन से सबूत पेश किए जा सकते हैं।

अमेरिकी सेना और सरकारें दो दशक से अधिक समय से अमेरिका पर हुए सबसे घातक हमलों में से एक की साजिश रचने के आरोपी व्यक्ति को न्याय के कटघरे तक लाने के लिए संघर्ष करती रही हैं।

हालांकि, 2028 में शुरू होने वाला मुकदमा भी कई समय-सीमाओं और निर्धारित चरणों के पूरा होने पर निर्भर है, इसलिए इसमें एक बार फिर देरी हो सकती है। इससे पहले मुकदमा 2021 में शुरू होना तय हुआ था, लेकिन बाद में उसे रद्द कर दिया गया।

मोहम्मद पर आरोप है कि उसने हाईजैक किए गए यात्री विमानों को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन से टकराने की साजिश बनायी और उसके लिए निर्देश दिए। उसके तीन कथित सहयोगियों वालिद बिन अत्ताश, अली अब्दुल अजीज अली और मुस्तफा अल-हवसावी पर भी मुकदमा चलेगा।

ये सभी क्यूबा के ग्वांतानामो बे स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हिरासत में रखे गए अंतिम कैदियों में शामिल हैं।

एपी गोला शोभना

शोभना