अमेरिकी संसद ने भारतीय-अमेरिकी प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ एस. सोमासेगर को श्रद्धांजलि दी
अमेरिकी संसद ने भारतीय-अमेरिकी प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ एस. सोमासेगर को श्रद्धांजलि दी
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 13 जून (भाषा) अमेरिकी संसद ने भारतीय-अमेरिकी उद्यमी शिवरामकृष्णन सोमासेगर को माइक्रोसॉफ्ट और अमेरिका के प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विकास में उनके योगदान के लिए श्रद्धांजलि दी।
सहकर्मियों के बीच ‘सोमा’ के नाम से लोकप्रिय सोमासेगर का 19 मई को निधन हो गया था। वह 59 वर्ष के थे।
वाशिंगटन राज्य के प्रथम संसदीय जिले से सांसद सुजैन डेलबेने ने इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिकी संसद में कहा, ‘‘सोमा एक अद्भुत प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, उद्यमी, नेता और मित्र थे।’’
दक्षिण भारत में जन्मे और पले-बढ़े सोमा लुइसियाना स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए अमेरिका आए थे।
उन्होंने 1989 में माइक्रोसॉफ्ट में अपना करियर शुरू किया और कंपनी के इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक ‘विंडोज एनटी’ में अहम भूमिका निभाई।
डेलबेने ने माइक्रोसॉफ्ट में उनके साथ काम करने के अपने अनुभव को याद करते हुए कहा, ‘‘अपने उल्लेखनीय प्रबंधन कौशल, समर्पण और कार्य-निष्ठा के बल पर वह माइक्रोसॉफ्ट में नेतृत्व के वरिष्ठ पद तक पहुंचे और उन्होंने 2015 तक वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया।’’
उन्होंने कहा कि सोमा ने माइक्रोसॉफ्ट छोड़ने के बाद ‘मैड्रोना वेंचर ग्रुप’ में प्रबंध निदेशक के रूप में उद्यमियों की अगली पीढ़ी की मदद करने के लिए खुद को समर्पित कर दिया। उन्होंने ‘मैड्रोना वेंचर ग्रुप’ में अनेक स्टार्टअप का मार्गदर्शन किया और क्षेत्र के नवोन्मेष तंत्र को मजबूत करने में मदद की।
डेलबेने ने कहा, ‘‘ सोमा अपनी पेशेवर उपलब्धियों से इतर अपने समुदाय के प्रति भी पूरी तरह से प्रतिबद्ध थे। सिएटल ऑर्कास के गौरवान्वित सह-संस्थापक के रूप में उन्होंने ‘पैसिफिक नॉर्थवेस्ट’ क्षेत्र में पेशेवर क्रिकेट लाने में मदद की।’’
डेलबेने ने कहा, ‘‘माननीय ‘स्पीकर’ महोदय, मैं अपने सहयोगियों से आग्रह करती हूं कि वे सोमा की उल्लेखनीय विरासत का मेरे साथ मिलकर सम्मान करें और उन्हें याद करें। अपनी दयालुता एवं बुद्धिमत्ता के कारण वह अपने परिवार, दोस्तों और सहयोगियों को हमेशा याद आते रहेंगे।’’
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना

Facebook


