अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान जाएंगे
अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान जाएंगे
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 24 अप्रैल (भाषा) व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को घोषणा की कि युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के तहत अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधी बातचीत के लिए शनिवार को पाकिस्तान जाएंगे।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से उम्मीद की जा रही है कि वह 11 अप्रैल को उपराष्ट्रपति जडी वेंस के नेतृत्व में हुई वार्ता के क्रम को आगे बढ़ाए। पहले दौर की वार्ता में अमेरिकी पक्ष ईरान से उसके परमाणु ईंधन संवर्धन कार्यक्रम पर कोई स्पष्ट प्रतिबद्धता हासिल करने में विफल रहा था।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने ‘फॉक्स न्यूज’ से कहा, ‘‘मैं इस बात की पुष्टि कर सकती हूं कि विशेष दूत विटॉफ और जेरेड कुशनर कल सुबह फिर से पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे, जहां वे ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत करेंगे। यह बातचीत पाकिस्तानियों की मध्यस्थता में होगी।’’
लीविट ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानियों के व्यक्तिगत वार्ता के अनुरोध के बाद विटकॉफ और कुशनर को भेजने का फैसला किया।
उन्होंने कहा, ‘‘देखिए, राष्ट्रपति के आह्वान पर ईरानियों ने संपर्क किया और आमने-सामने की बातचीत का अनुरोध किया। इसलिए राष्ट्रपति ट्रंप स्टीव और जेरेड को उनकी बात सुनने के लिए भेज रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि यह एक सार्थक बातचीत होगी और इससे समझौते की दिशा में प्रगति होगी।’’
लीविट ने कहा कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं होंगे, लेकिन वह अमेरिकी वार्ता दल के सदस्यों के करीबी संपर्क में रहेंगे।
लीविट ने कहा कि वेंस विदेश मंत्री मार्को रुबियो और राष्ट्रपति की राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ अमेरिका में मौजूद रहेंगे और ‘‘जरूरत पड़ने पर’’ पाकिस्तान जाने के लिए ‘‘तैयार’’ रहेंगे।
भाषा
देवेंद्र धीरज
धीरज

Facebook


