अमेरिका ने लापता पायलट की तलाश तेज की, र्इरान ने जनता से ‘दुश्मन’ को पकड़ने में मदद की अपील की
अमेरिका ने लापता पायलट की तलाश तेज की, र्इरान ने जनता से ‘दुश्मन’ को पकड़ने में मदद की अपील की
काहिरा, चार अप्रैल (एपी) ईरान द्वारा अमेरिकी लड़ाकू विमान को मार गिराए जाने के बाद लापता हुए पायलट की तलाश अमेरिका ने शनिवार को तेज कर दी। वहीं, ईरान ने लोगों से पायलट के बारे में जानकारी देने का आह्वान किया और इनाम का वादा किया।
ईरान ने अमेरिका के ‘एफ-15ई स्ट्राइक ईगल’ नामक लड़ाकू विमान सहित दो विमानों को शुक्रवार को मार गिराने का दावा किया था। इस दौरान एक अमेरिकी सैन्यकर्मी को बचा लिया गया और कम से कम एक पायलट अब भी लापता है।
क्षेत्र में गत छह सप्ताह से जारी युद्ध में पहली बार है जब अमेरिका ने ईरानी क्षेत्र में अपने लड़ाकू विमान को खोया है और यह अभियान में एक नया मोड़ साबित हो सकता है।
इजराइल और अमेरिका द्वारा शनिवार को ईरान पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले जारी रहे। वहीं, ईरान द्वारा किए गए ड्रोन हमले में दुबई स्थित अमेरिकी तकनीक दिग्गज कंपनी ओरेकल के मुख्यालय को नुकसान पहुंचने की खबर है।
सैन्य विमानों को ईरान द्वारा मार गिराए जाने की खबर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा राष्ट्र को संबोधित किए जाने के दो दिन बाद आई है। ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ने ‘‘ईरान को हरा दिया है और उसे पूरी तरह से तबाह कर दिया है तथा हम अपने काम को बहुत तेजी से पूरा करने जा रहे हैं।’’
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा संगठन (आईएईए) ने शनिवार को जानकारी दी कि ईरान के बुशहर परमाणु संयंत्र के पास किए गए हवाई हमले में एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई और एक इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। युद्ध के दौरान यह चौथी बार है जब इस संयंत्र को निशाना बनाया गया है।
ईरान द्वारा अमेरिका के दो लड़ाकू विमानों को मार गिराने के किए गए दावे पर व्हाइट हाउस और पेंटागन दोनों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
पेंटागन से एसोसिएटेड प्रेस से मिले एक ईमेल में, सेना ने कहा कि उसे पश्चिम एशिया में ‘एक विमान को मार गिराए जाने’ की सूचना मिली है, लेकिन उसने अधिक विवरण नहीं दिया।
पेंटागन ने सशस्त्र सेवा समिति को सूचित किया कि उस विमान से एक अमेरिकी चालक दल के सदस्य को बचा लिया गया है, लेकिन दूसरे सैन्यकर्मी की स्थिति अज्ञात है। शनिवार को भी अमेरिकी सैन्य खोज और बचाव अभियान जारी है।
ट्रंप ने एनबीसी न्यूज के साथ एक संक्षिप्त टेलीफोन साक्षात्कार में खोज और बचाव प्रयासों पर चर्चा करने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि जो कुछ हुआ है उससे ईरान के साथ बातचीत प्रभावित नहीं होगी।
वहीं, ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया कि ईरानी रक्षा बलों ने हमला कर फारस की खाड़ी में एक अमेरिकी ए-10 लड़ाकू विमान को मार गिराया।
अमेरिका के एक अधिकारी ने पहचान गुप्त रखते हुए कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ या उसे मार गिराया गया, या इसमें ईरान की कोई भूमिका थी। चालक दल की स्थिति और विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का सटीक स्थान भी तुरंत ज्ञात नहीं हो सका है।
एपी धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


