अमेरिका-ईरान युद्ध का पाकिस्तान की आर्थिक प्रगति पर गंभीर असर पड़ा: प्रधानमंत्री शहबाज
अमेरिका-ईरान युद्ध का पाकिस्तान की आर्थिक प्रगति पर गंभीर असर पड़ा: प्रधानमंत्री शहबाज
इस्लामाबाद, 29 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध ने पिछले दो वर्षों में पाकिस्तान द्वारा हासिल की गई आर्थिक प्रगति को गंभीर झटका दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार दोनों युद्धरत पक्षों के बीच तनाव कम करने और पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के प्रयासों को जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि फरवरी में युद्ध शुरू होने के बाद से वैश्विक बाजारों में ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘युद्ध से पहले साप्ताहिक तेल खर्च लगभग 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर था, जो आज बढ़कर 80 करोड़ अमेरिकी डॉलर हो गया है।’’
‘जियो टीवी’ की खबर के अनुसार, यहां कैबिनेट की बैठक के दौरान शहबाज ने कहा कि एक कार्य बल रोजाना स्थिति पर नजर रख रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।
कैबिनेट को अमेरिका-ईरान वार्ता में हुई प्रगति और क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए पाकिस्तान के प्रयासों से अवगत कराते हुए शहबाज ने कहा कि इस्लामाबाद ने क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए ईमानदारी से प्रयास किए हैं।
उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता 11 अप्रैल को इस्लामाबाद में शुरू हुई जो 21 घंटे तक चली। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों पक्षों के बीच फिलहाल युद्धविराम कायम है।
उन्होंने सप्ताहांत में अराघची की इस्लामाबाद, मस्कट और मॉस्को की संक्षिप्त यात्राओं के बारे में बात करते हुए कहा, ‘‘ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची वार्ता के दूसरे चरण के लिए अपनी टीम के साथ पाकिस्तान पहुंचे। उनके साथ महत्वपूर्ण बैठकें हुईं।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ईरानी विदेश मंत्री के रूस जाने से पहले, मैंने उनसे फोन पर बात की, जिसमें उन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि ओमान में उनकी सभी बैठकें पूरी ईमानदारी से हुईं और अपने देश के नेतृत्व से परामर्श के बाद…वे जल्द ही सकारात्मक जवाब देंगे।”
उन्होंने आशा व्यक्त की कि संघर्ष जल्द ही समाप्त हो जाएगा। पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता के दूसरे दौर की मेजबानी करने की योजना बना रहा है।
भाषा संतोष माधव
माधव

Facebook


