विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने पाकिस्तान में गुरुद्वारे और पुरातात्विक स्थल की यात्रा की
विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने पाकिस्तान में गुरुद्वारे और पुरातात्विक स्थल की यात्रा की
पेशावर, दो फरवरी (भाषा) विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने पाकिस्तान के हसन अब्दाल में गुरुद्वारा पंजा साहिब और उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक पुरातात्विक स्थल का दौरा किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री के सलाहकार मुजम्मिल असलम ने प्रांत के आर्थिक मामलों पर बंगा के साथ चर्चा की।
एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि विश्व बैंक के अध्यक्ष ने अपनी पत्नी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खैबर पख्तूनख्वा के खानपुर में जौलियन बौद्ध पुरातात्विक स्थल का रविवार को दौरा किया।
इसमें कहा गया, ‘‘इस अवसर पर खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री के वित्तीय सलाहकार मुजम्मिल असलम और राष्ट्रीय असेंबली के सदस्य (एमएनए) फैसल अमीन गंडापुर ने अजय बंगा का गर्मजोशी से स्वागत किया। संघीय वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब भी अपनी पत्नी के साथ इस दौरे में बंगा के साथ रहे।’’
इसमें बताया गया कि असलम ने विश्व बैंक के अध्यक्ष को एक स्मृति-चिह्न भेंट किया और प्रांत के आर्थिक मामलों पर चर्चा की।
विज्ञप्ति के अनुसार, इससे पहले बंगा ने हसन अब्दाल स्थित गुरुद्वारा पंजा साहिब में अरदास की और लंगरखाना में भोजन किया।
इसमें बताया गया कि बंगा के साथ वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब और पंजाब के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री सरदार रमेश सिंह अरोड़ा भी थे।
भाषा सिम्मी गोला
गोला

Facebook


