पढें..लॉकडाउन से हुए घाटे में व्यापारी से चोर बने शख्स की कहानी…कैसे तोड़ता था एक बाद एक घरों के ताले

महाराष्ट्र के सोलापुर में कपड़े का व्यवसाय करने वाले एक कारोबारी को चोरी और सेंधमारी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है ।

पढें..लॉकडाउन से हुए घाटे में व्यापारी से चोर बने शख्स की कहानी…कैसे तोड़ता था एक बाद एक घरों के ताले
Modified Date: November 29, 2022 / 08:26 pm IST
Published Date: September 8, 2021 5:38 pm IST

मुंबई, 8 सितंबर । महाराष्ट्र के सोलापुर में कपड़े का व्यवसाय करने वाले एक कारोबारी को चोरी और सेंधमारी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है । कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिये लागू किये गये लॉकडाउन के कारण उसे कारोबार में घाटा हुआ था। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी ।

पुलिस ने बताया कि व्यवसायी को प्रदेश के सोलापुर से पिछले सप्ताह आठ ऐसे मामलों के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था । पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान आनंद कदम के रूप में की गयी है और वह यहां से करीब 400 किलोमीटर दूर सोलापुर जिले के वज्रेश्वरी नगर का रहने वाला है।

read more: मेरे पदक ने दिखाया कि खेल और पढ़ाई साथ हो सकती है : नोएडा जिलााधिकारी सुहास यथिराज

अधिकारी ने बताया कि कदम को दो सितंबर को उस वक्त पकड़ा गया था जब वह चुराए गए कुछ आभूषण बेचने जा रहा था । उन्होंने बताया कि इससे पहले कदम कपड़े के अपने पारिवारिक व्यवसाय में लगा हुआ था । 2018 में किसी कारणवश वह अपने परिवार से अलग हो गया और पत्नी तथा बच्चों के साथ दूसरे स्थान पर रहने लगा । अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उसने तौलियों का व्यवसाय शुरू किया जो ठीक चल रहा था ।

उन्होंने बताया कि पिछले साल एक व्यवसायी ने उससे आठ लाख रुपये ठग लिये । इसलिये उसे कर्ज लेना पड़ा था और इसके कुछ ही दिन बाद कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिये लगाये गए लॉकडाउन के कारण उसे अपना व्यवसाय बंद करना पड़ा । अधिकारी ने बताया कि कर्ज चुकाने में अक्षम होने पर कदम इस साल एक अगस्त से कथित रूप से चोरी करने लगा।

read more: भारतीय बल्लेबाजी विश्वस्तरीय, सटीक गेंदबाजी करने की जरूरत : वुड

कदम को गिरफ्तार करने वाले सोलापुर जेल रोड पुलिस थाने के उप निरीक्षक अल्फाज शेख ने बताया कि वह दिन में 11 बजे से दोपहर दो बजे तक चोरी करता था । पुलिस अधिकारी के अनुसार, जेल रोड पुलिस थाना क्षेत्र में कदम ने कम से कम सात घरों के ताले तोड़े । उन्होंने बताया कि पुलिस ने इलाके के 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले लेकिन मास्क पहने रहने की वजह से आरोपी को पहचानना मुश्किल हो गया । एक सीसीटीवी फुटेज में वह बिना मास्क के दिखा जिससे उसकी पहचान हो पाई।

उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने दो सितंबर को जाल बिछा कर उसे पकड़ लिया। तब वह चोरी के आभूषण लेकर उन्हें सर्राफा बाजार में बेचने जा रहा था । अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पहले पुलिस को बताया कि उसने चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया है लेकिन, बाद में पूछताछ के बाद उसने बताया कि उसने इससे पहले छह और स्थानों पर चोरी की है। शेख ने बताया कि पुलिस अब तक उसके पास से 7.60 लाख रुपये का सोना और एक लाख रुपये नकद बरामद कर चुकी है, जो उसने चुराया था।

 


लेखक के बारे में

डॉ.अनिल शुक्ला, 2019 से CG-MP के प्रतिष्ठित न्यूज चैनल IBC24 के डिजिटल ​डिपार्टमेंट में Senior Associate Producer हैं। 2024 में महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय से Journalism and Mass Communication विषय में Ph.D अवॉर्ड हो चुके हैं। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से M.Phil और कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर से M.sc (EM) में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। जहां प्रावीण्य सूची में प्रथम आने के लिए तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा के हाथों गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इन्होंने गुरूघासीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर से हिंदी साहित्य में एम.ए किया। इनके अलावा PGDJMC और PGDRD एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स भी किया। डॉ.अनिल शुक्ला ने मीडिया एवं जनसंचार से संबंधित दर्जन भर से अधिक कार्यशाला, सेमीनार, मीडिया संगो​ष्ठी में सहभागिता की। इनके तमाम प्रतिष्ठित पत्र पत्रिकाओं में लेख और शोध पत्र प्रकाशित हैं। डॉ.अनिल शुक्ला को रिपोर्टर, एंकर और कंटेट राइटर के बतौर मीडिया के क्षेत्र में काम करने का 15 वर्ष से अधिक का अनुभव है। इस पर मेल आईडी पर संपर्क करें anilshuklamedia@gmail.com