उप्र उपचुनाव और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद छिन जाएगी योगी की कुर्सी : अखिलेश
उप्र उपचुनाव और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद छिन जाएगी योगी की कुर्सी : अखिलेश
अम्बेडकर नगर, 17 नवंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीट पर उपचुनाव और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पराजय के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कुर्सी छिन ली जायेगी।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री समाज में ‘नफरत का बारूद’ बिछा रहे हैं और भेदभाव कर रहे हैं तथा दूसरी तरफ उन्हीं की पार्टी के लोग उन्हें हटाने के लिए उनकी कुर्सी तक 'सुरंग' खोद रहे हैं।
यादव ने कटेहरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए जनसभाओं को सम्बोधित कर सपा और ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन की प्रत्याशी शोभावती वर्मा को भारी मतों से जिताने की अपील की।
उन्होंने कहा, 'जनता ने लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन को रिकॉर्ड मतों से जिताकर भाजपा को उत्तर प्रदेश में नम्बर दो की पार्टी बना दिया। जबसे भाजपा लोकसभा चुनाव हारी है, इनके नेताओं को नींद नहीं आ रही है। प्रदेश में नौ सीट पर हो रहा उपचुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। भाजपा उपचुनाव तो हारेगी ही, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव भी हारेगी। उसके बाद मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) जी की कुर्सी छिन जायेगी।'
सपा अध्यक्ष ने दावा किया, 'मुख्यमंत्री जी समाज में नफरत का बारूद बिछा रहे हैं। भेदभाव कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ उन्हीं की पार्टी के लोग उन्हें हटाने के लिए उनकी कुर्सी तक सुरंग खोद रहे हैं। इनके उपमुख्यमंत्री दिल्ली का गाना बजा रहे हैं।'
यादव ने कहा कि जबसे सपा ने पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) का नारा दिया है, मुख्यमंत्री घबराए हुए हैं, क्योंकि भाजपा सरकार ने पीडीए को कुछ नहीं दिया और वे पीडीए से नफरत करते हैं।
उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा को निशाने पर लेते हुए दावा किया, 'ये जो अंग्रेजों के विचार वंशी हैं, सब उल्टा काम कर रहे हैं। समाज में नफरत घोल रहे हैं। कटुता फैला रहे हैं। दूरियां पैदा कर रहे हैं। वे पीडीए की एकजुटता से डरे हैं। उपचुनाव में हार के डर से हिले हुए हैं।”
सपा प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री अब अधिकारियों को आगे कर चुनाव लड़ना चाहते हैं लेकिन इस बार जनता और समाजवादी पार्टी तैयार है तथा जनता भाजपा को हरायेगी।
यादव ने कहा कि यह उपचुनाव 2027 के विधानसभा चुनाव का संदेश है।
उन्होंने दावा किया, “भाजपा जनता को डराकर, दबाव डालकर वोट लेना चाहती है। भाजपा जनता का अधिकार छीनना चाहती है। वोट देने का अधिकार छीनकर भाजपा बाबा साहब भीमराव आम्बेडकर के बनाए संविधान को कमजोर कर रही है। इस वोट के अधिकार की वजह से लोकतंत्र है।”
इससे पहले, अयोध्या हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बात करते हुए यादव ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा, 'वस्त्रों से कोई योगी नहीं बनता है। भाषा, व्यवहार और विचार से योगी बनते हैं। भाजपा के लोग समाज में नफरत फैला रहे हैं। सौहार्द खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जी पीडीए से घबराये हुए हैं।'
भाषा सलीम नोमान
नोमान
लेखक के बारे में
Web Title: उप्र उपचुनाव और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद छिन जाएगी योगी की कुर्सी : अखिलेश
AMBEDKAR NAGAR
और भी पढ़ें ›कमलनाथ के पिता की जमीन फर्जी वसीयत से हड़पने का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार
01 Oct 2026 | 9:16 pmकांग्रेस के छोटे नेताओं के बयानों को गंभीरता से नहीं लेता: सपा सांसद धर्मेंद्र यादव
01 Oct 2026 | 9:09 pmमहात्मा गांधी के जीवन और योगदान को समझें विद्यार्थी : राज्यपाल
01 Oct 2026 | 8:32 pmमिर्जापुर में स्कूल भवन का निर्माण शुरू, दिव्या मित्तल ने परियोजना में देरी पर उठाए थे सवाल
01 Oct 2026 | 8:27 pmतेज डीजे से छात्रा की मौत के मामले में उच्च न्यायालय ने लिया स्वत: संज्ञान
01 Oct 2026 | 8:21 pmनीला ड्रम कांड : दोषी मुस्कान-साहिल की जेल में काउंसलिंग, 14 अक्टूबर को सजा
01 Oct 2026 | 8:06 pmसामाजिक न्याय ‘भाजपाई आपातकाल’ के दौर से गुजर रहा : अखिलेश
01 Oct 2026 | 7:57 pmगोरखपुर में जलभराव से प्रभावित लोगों को मुआवजा दे सरकार : अजय राय
01 Oct 2026 | 7:55 pm