बिहार विधान परिषद चुनाव में सभी 10 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
बिहार विधान परिषद चुनाव में सभी 10 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
पटना, 11 जून (भाषा) बिहार विधान परिषद की नौ द्विवार्षिक सीटों और एक उपचुनाव के लिए हुए चुनाव में सभी दस उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इनमें नौ सदस्य राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और एक सदस्य राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से विधान परिषद पहुंचे हैं।
नवनिर्वाचित सदस्यों में से नौ ने बृहस्पतिवार को विधानसभा पहुंचकर अपने निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्राप्त किए, जबकि भोजपुरी गायक एवं अभिनेता पवन सिंह की ओर से उनके प्रतिनिधि ने प्रमाण-पत्र ग्रहण किया।
निर्विरोध निर्वाचित हुए दस सदस्यों में से आठ पहली बार विधान परिषद के सदस्य बने हैं, जबकि राजद के सुनील सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संजय मयूख तीसरी बार विधान परिषद पहुंचे हैं।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी पहली बार किसी सदन के सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद निशांत कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पिताजी की विचारधारा को आगे बढ़ाना है और बिहार में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करानी हैं।’’
इस चुनाव में राजग की ओर से भाजपा के पवन सिंह, संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित, जनता दल (यूनाइटेड) के निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति तथा उपचुनाव में ललन प्रसाद और लोजपा (रामविलास) के अशरफ अंसारी निर्वाचित हुए हैं। महागठबंधन की ओर से राजद के सुनील सिंह भी निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
निर्वाचन आयोग ने 26 मई को बिहार विधान परिषद की नौ सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव तथा एक सीट के लिए उपचुनाव की अधिसूचना जारी की थी। इनमें वह सीट भी शामिल थी, जो पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्वाचित होने के कारण रिक्त हुई थी।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई सीट पर भी उपचुनाव कराया गया।
भाषा
कैलाश रवि कांत

Facebook


