100 करोड़ रुपये से अधिक की सभी परियोजनाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी हों : सम्राट
100 करोड़ रुपये से अधिक की सभी परियोजनाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी हों : सम्राट
पटना, 28 जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को राज्य में जारी 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा प्रगति में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार ने विकास की गति पकड़ ली है और अब इसे और तेज करने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने कोसी-मेची अंतरराज्यीय लिंक परियोजना के निर्माण कार्य में मानसून के बाद तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और नियमित समीक्षा के माध्यम से समस्याओं का समाधान करने को कहा।
चौधरी ने ‘नॉर्थ कोयल जलाशय परियोजना’ के कार्यों में तेजी लाने और इसे जल्द पूरा कर सिंचाई क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने मंडई वीयर परियोजना की नियमित निगरानी करते हुए इसे समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि राज्य की सिंचाई और जल प्रबंधन व्यवस्था मजबूत हो सके।
चौधरी ने वाराणसी-रांची-कोलकाता छह लेन कॉरिडोर, आमस-दरभंगा फोर लेन परियोजना और कन्हौली-शेरपुर (एनएच-131जी) छह लेन परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने भूमि अधिग्रहण, वन विभाग की स्वीकृति और अन्य प्रशासनिक बाधाओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सड़क संपर्क बेहतर होगा, आवागमन सुगम बनेगा और राज्य में आर्थिक एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने ‘टीबी मुक्त बिहार’ अभियान की भी समीक्षा की और अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग एवं जांच कर संभावित टीबी मरीजों की जल्द पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चौधरी ने अधिक प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने, सभी टीबी केंद्रों को सक्रिय करने और बंद केंद्रों को पुन: शुरू करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने दो जुलाई से 14 अगस्त, 2026 तक जारी विशेष अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने, गांवों एवं पंचायतों तक जागरूकता अभियान पहुंचाने, मरीजों को समय पर उपचार, पोषण सहायता और दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में सीएसआर के माध्यम से राज्य में 2,000 करोड़ रुपये का कोष जुटाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
चौधरी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, खेल और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में सीएसआर फंड के प्रभावी उपयोग के लिए उद्योगों एवं कॉरपोरेट संस्थानों के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


