अमित शाह अगले महीने पटना में भाजपा के किसान सम्मेलन में शिरकत करेंगे
अमित शाह अगले महीने पटना में भाजपा के किसान सम्मेलन में शिरकत करेंगे
पटना, 21 जनवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई द्वारा आयोजित किसान सम्मेलन में भाग लेने के लिए 22 फरवरी को पटना आएंगे। पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी।
भाजपा का यह किसान सम्मेलन स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। स्वामी सहजानंद सरस्वती एक संन्यासी और किसान नेता थे।
भाजपा नेताओं ने बक्सर की हिंसा का उल्लेख करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘किसान विरोधी’ भी करार दिया।
गौरतलब है कि बक्सर में 11 जनवरी को हुई हिंसा में ताप विद्युत परियोजना के लिए अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया था।
भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल और राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अमित शाह 22 फरवरी को पार्टी के किसान सम्मेलन में भाग लेंगे।
एक सवाल के जवाब में जायसवाल ने इस बात से इनकार किया कि स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती पार्टी के सवर्ण समर्थन आधार को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर मनाई जा रही है।
जायसवाल ने कहा, ‘‘ स्वामी सहजानंद सरस्वती के योगदान को दुनिया भर के इतिहासकारों ने स्वीकार किया है। कृपया उसे एक संकीर्ण नजर से न देखें। ’’
स्वामी सहजानंद सरस्वती का जन्म 1889 में उत्तर प्रदेश में हुआ था। उन्होंने बिहार के बिहटा में एक आश्रम स्थापित किया था जहां वे किसान आंदोलन और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर सक्रिय रहे।
भाषा रवि कांत पवनेश
पवनेश

Facebook


