बिहार: सत्तापक्ष के विधायकों ने अपनी ही सरकार को घेरा; सड़क, पुल योजनाओं से जुड़े मुद्दे उठाए
बिहार: सत्तापक्ष के विधायकों ने अपनी ही सरकार को घेरा; सड़क, पुल योजनाओं से जुड़े मुद्दे उठाए
पटना, 22 जुलाई (भाषा) बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन बुधवार को प्रश्नकाल के दौरान सत्ता पक्ष के कई विधायकों ने ही ग्रामीण सड़क, पुल निर्माण और सोलर लाइट जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के दोनों प्रमुख घटक दलों जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने लंबित विकास कार्यों का मुद्दा उठाया, जिसके बाद संबंधित मंत्रियों ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
राज्य में संभावित सूखे की स्थिति को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक कुमार सर्वजीत के प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग को किसानों के लिए प्रतिदिन सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सर्वेक्षण कर सूखे की स्थिति पर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर सरकार प्रभावित किसानों को डीजल अनुदान उपलब्ध कराएगी।
ग्रामीण कार्य विभाग से संबंधित प्रश्न पर जदयू के विधायक जितेंद्र कुमार और सचिन्द्र प्रसाद सिंह तथा भाजपा विधायक देवेशकांत सिंह ने कहा कि प्रशासनिक स्वीकृति, निविदा प्रक्रिया और संवेदक चयन पूरा होने के बावजूद राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल परियोजनाओं पर पिछले दो वर्षों से काम शुरू नहीं हुआ है।
इसपर ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि सभी स्वीकृत सड़कों का निर्माण शीघ्र कराया जाएगा।
पथ निर्माण विभाग से जुड़े एक प्रश्न पर विभाग की ओर से मिले उत्तर पर भाजपा विधायक जीवेश मिश्रा ने आपत्ति जताई।
मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि विभाग से संबंधित बड़ी संख्या में प्रश्न आए हैं और सभी विकास कार्यों पर कार्रवाई जारी है।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की व्यस्तता के बावजूद विभागीय कार्य प्रभावित नहीं होंगे।
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत लंबित भुगतान का मुद्दा उठाया। इसपर ग्रामीण कार्य मंत्री ने बताया कि 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की जा चुकी है और शेष भुगतान की प्रक्रिया भी जारी है।
पंचायती राज विभाग की सोलर लाइट योजना पर जदयू विधायक श्याम रजक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सोलर लाइटें खराब पड़ी हैं। इसपर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि संबंधित एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा की जा रही है और खराब सोलर लाइटों की मरम्मत का काम जारी है।
भाजपा विधायक जीवेश मिश्रा ने भी इस मुद्दे पर सरकार से वास्तविक स्थिति स्वीकार करने की मांग की।
कार्यवाही शुरू होने पर विपक्षी सदस्यों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी और छात्रों पर दर्ज प्राथमिकी के विरोध में सदन के वेल में आकर नारेबाजी की। विधानसभा अध्यक्ष के आग्रह पर सदस्य अपनी-अपनी सीट पर लौट गए।
भाषा कैलाश
जोहेब
जोहेब

Facebook


