बांकीपुर उपचुनाव : जन सुराज ने भाजपा पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया
बांकीपुर उपचुनाव : जन सुराज ने भाजपा पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया
पटना, 17 जुलाई (भाषा) बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के बीच जन सुराज पार्टी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग से हस्तक्षेप की मांग की। इस सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भाजपा उम्मीदवार को चुनौती दे रहे हैं।
जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस संबंध में पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि भाजपा कार्यकर्ता नगर निगम कर्मियों के वेश में पटना की सड़कों पर घूम रहे हैं। वे घरों की दीवारों से हमारे पोस्टर और बैनर हटा रहे हैं, जबकि इन्हें लगाने के लिए हमने मकान मालिकों से अनुमति ली थी।’’
भारती ने आरोप लगाया कि बाद में उन्हीं दीवारों पर भाजपा के पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जब हमने खुद को नगर निगम कर्मी बताने वाले कुछ लोगों से उनका पहचान पत्र मांगा तो वे वहां से भाग गए। आदर्श आचार संहिता के इस गंभीर उल्लंघन को रोकने के लिए निर्वाचन आयोग को हस्तक्षेप करना चाहिए।’’
उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा ने प्रशांत किशोर को निशाना बनाकर ‘‘कई झूठे और भ्रामक पोस्टर’’ भी जारी किए हैं।
उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता नितिन नवीन के कुछ महीने पहले राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण बांकीपुर सीट रिक्त हुई थी, जिसके चलते यह उपचुनाव कराया जा रहा है।
पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली अपनी नवगठित पार्टी को फिर से मजबूत करने के प्रयास में जुटे प्रशांत किशोर इस चुनाव मैदान में उतरे हैं। उनका कहना है कि यह उपचुनाव राज्य की भाजपा नीत सरकार की लोकप्रियता पर ‘‘जनमत संग्रह’’ है।
भाजपा ने 1995 से लगातार अपने कब्जे वाली इस सीट से इस बार भारतीय जनता युवा मोर्चा के अपेक्षाकृत कम चर्चित नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। इसे बांकीपुर में आसान जीत को लेकर पार्टी के भरोसे के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
पिछले कुछ दिनों में भाजपा, जन सुराज पार्टी के कई नेताओं को अपने में शामिल कर चुकी है। इनमें ऐसे नेता भी हैं, जिन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
भारती ने बताया कि पार्टी ने निर्वाचन आयोग से यह भी अनुरोध किया है कि पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव की तरह इस बार मतदान केंद्रों या उनके आसपास जीविका महिला स्वयं सहायता समूह की स्वयंसेवकों की तैनाती नहीं की जाए।
गौरतलब है कि प्रशांत किशोर लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि विधानसभा चुनाव के दौरान जीविका की स्वयंसेवकों ने ग्रामीण महिलाओं से ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत मिले 10-10 हजार रुपये के बदले भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के समर्थन का संकल्प दिलवाकर उसके एजेंट की तरह काम किया था।
भारती ने कहा कि ज्ञापन में इस बात पर भी आपत्ति जताई गई है कि केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के कुछ कर्मियों को मतदान केंद्रों के भीतर प्रवेश करने दिया गया, जबकि उनकी तैनाती मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के लिए होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि निर्वाचन आयोग हमारी सभी शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो सके। हम मतदाताओं से भी अपील करते हैं कि वे जन सुराज पार्टी के चुनाव चिह्न ‘स्कूल बैग’ को याद रखें।’’
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को होगी।
हालांकि मुख्य मुकाबला प्रशांत किशोर और भाजपा उम्मीदवार के बीच माना जा रहा है, लेकिन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता सहित कई अन्य उम्मीदवार भी मैदान में हैं। रेखा गुप्ता पिछले विधानसभा चुनाव में उपविजेता रही थीं।
वहीं, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के बड़े बेटे एवं उनसे अलग रह रहे तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है।
भाषा
कैलाश रवि कांत

Facebook


