बिहार:कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में हुई हिंसा की विधानसभा ने की निंदा,उपद्रवियों पर कार्रवाई होगी

Ads

बिहार:कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में हुई हिंसा की विधानसभा ने की निंदा,उपद्रवियों पर कार्रवाई होगी

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 06:57 PM IST

पटना, 23 जुलाई (भाषा) बिहार विधानसभा ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, तोड़फोड़ तथा पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इस संबंध में निंदा प्रस्ताव पारित किया। सरकार ने कहा कि घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान करके उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सदन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक प्रमोद कुमार, श्याम बहादुर यादव, रोहित पांडेय, राकेश रंजन, विनय बिहारी और रत्नेश कुशवाहा ने यह मामला उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विधायकों ने प्रदर्शन के दौरान उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार तथा पत्रकारों पर हुए हमले का भी उल्लेख किया।

सरकार की ओर से विधायी कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदर्शन में शामिल लोग छात्र नहीं, बल्कि असामाजिक तत्व थे और उनका उद्देश्य प्रदेश में अराजकता फैलाना और सरकार को अस्थिर करना था। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है।

चौधरी ने कहा कि सरकार ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है और इसकी निंदा राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक मामले में दोषियों की पहचान कर त्वरित अदालतों में मुकदमा चलाया जाएगा और उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार भी प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, तोड़फोड़ और पत्रकारों पर हमले के मामले की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कराएगी।

घटना में शामिल सभी उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पेपर लीक की घटनाओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है।

उन्होंने कहा कि इसी कारण अपराध नियंत्रण अधिनियम (सीसीए) के तहत पेपर लीक को संगठित अपराध की श्रेणी में रखा गया है।

भाषा कैलाश संतोष

संतोष