CM Pushkar Singh Dhami News: Image Source : FILE
देहरादून: CM Pushkar Singh Dhami On Jantar Mantar Protest : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेपर लीक मामलों में दोषियों को त्वरित और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई होना छात्रों के हित में है।
मुख्यमंत्री धामी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग छात्रों की चिंताओं का राजनीतिक लाभ उठाने और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहले छात्रों को आगे कर राजनीति करने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और अराजकता फैलाने की सुनियोजित कोशिश है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में 12 लाख से अधिक लोगों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि NEET परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई, पेपर लीक मामले की CBI जांच हुई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का निर्णय पेपर लीक मामलों में जल्द सुनवाई और दोषियों को शीघ्र सजा सुनिश्चित करेगा। इससे छात्रों के भविष्य की रक्षा होगी।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा था कि युवाओं का भविष्य और उनका हित सर्वोपरि है। उन्होंने घोषणा की कि पेपर लीक के मामलों की त्वरित सुनवाई और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे।प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब NEET पेपर लीक को लेकर दिल्ली समेत कई शहरों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं और विपक्ष सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहा है।