पटना, तीन सितंबर (भाषा) फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर द्वारा ‘जौहर’ की आलोचना संबंधी टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ स्थानीय नेताओं ने बृहस्पतिवार को पटना में उनकी तस्वीरों पर कालिख पोतकर प्रदर्शन किया।
यह विरोध प्रदर्शन शहर के डाकबंगला चौराहे पर किया गया।
स्वरा भास्कर को सोमवार को एक कार्यक्रम में की गई अपनी टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा था कि संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ में जौहर का महिमामंडन किया गया है।
जौहर राजपूत समुदाय की कुछ परंपराओं से जुड़ी वह प्रथा थी, जिसमें युद्ध में पराजय निश्चित दिखने पर महिलाएं बंदी बनाए जाने, गुलामी या यौन हिंसा से बचने के लिए सामूहिक आत्मदाह करती थीं।
हालांकि, अभिनेत्री ने बाद में स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणी का ‘‘पूरी तरह गलत अनुवाद’’ किया गया और उन्होंने कभी भी रानी पद्मावती या जौहर करने वाली अन्य महिलाओं को ‘‘कायर’’ नहीं कहा।
स्थानीय भाजपा नेता कृष्णा सिंह कल्लू के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने स्वरा भास्कर की तस्वीरों पर कालिख पोती और उनके खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने ‘महिलाओं का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारे भी लगाए।
भाषा कैलाश
मनीषा वैभव
वैभव