पटना, दो सितंबर (भाषा) लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान को कथित रूप से मिली जान से मारने की धमकी के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
लोजपा (रामविलास) के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार से मुलाकात कर धमकी भरे संदेशों को लेकर चिंता जताई।
चिराग पासवान के कार्यालय के अनुसार, इन संदेशों में दावा किया गया था कि उन्हें ‘‘आतंकवादियों द्वारा मार दिया जाएगा।’’
केंद्रीय मंत्री और जेड श्रेणी सुरक्षा प्राप्त पासवान को मंगलवार को धमकी भरे संदेश मिले थे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कहा, ‘‘मैं विधायकों और पार्टी के विधायक दल के नेता राजू तिवारी के साथ डीजीपी से मिला। हमने चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की। डीजीपी ने हमें आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जा रही है।’’
उन्होंने बताया कि डीजीपी ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि पुलिस धमकी से जुड़े दो मोबाइल नंबर की जांच कर रही है और अग्रिम कार्रवाई जारी है।
विवेक ने डीजीपी से यह भी आग्रह किया कि जब भी केंद्रीय मंत्री चिराग बिहार आएं तो उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पासवान लगातार सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होते हैं और बड़ी संख्या में लोगों से उनका संपर्क होता है।
लोजपा (रामविलास) नेता ने धमकी देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।
भाषा शफीक नरेश
नरेश