पटना, 13 मार्च (भाषा) बिहार विधानसभा को शुक्रवार सुबह ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली, जो बाद में जांच के दौरान अफवाह साबित हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरा ईमेल पूर्वाह्न 11 बजकर 11 मिनट पर प्राप्त हुआ, जिसके बाद विधानसभा की प्रभारी सचिव ख्याति सिंह ने इसकी जानकारी अध्यक्ष प्रेम कुमार को दी।
अध्यक्ष ने मामले पर संज्ञान लेते हुए विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने अधिकारियों को स्थिति से मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को अवगत कराने तथा विधानसभा परिसर की गहन तलाशी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निर्देश मिलते ही प्रशासन ने आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और श्वान दस्ते को तैनात किया।
इसके बाद पुलिस ने अध्यक्ष की मौजूदगी में विधानसभा परिसर की सघन जांच की।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान परिसर से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई और बाद में यह धमकी अफवाह साबित हुई।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब राज्य में 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव होने वाले हैं।
विधानसभा परिसर में ही मतदान कराया जाना है।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र