पटना, एक मार्च (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को 75 वर्ष के हो गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई अन्य नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वह पिछले कई वर्षों से बिहार की प्रगति के लिए अथक परिश्रम कर रहे हैं।’’
मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार की दूरदृष्टि और विकास योजनाओं ने अनगिनत लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाला है।
प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार के दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की भी कामना की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कुमार के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी। शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रदेशवासियों के विकास व प्रगति के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु होने की कामना करता हूं।’’
नीतीश कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उनके ‘‘अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और उपलब्धियों से भरे जीवन’’ की कामना की।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी नीतीश कुमार को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।
चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बिहार के विकास पुरुष, सुशासन बाबू, जन-जन के प्रिय नेता, माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी से उनके जन्मदिवस के अवसर पर मिलकर हार्दिक बधाई और असंख्य शुभकामनाएं दीं। प्रभु से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की शक्ति प्रदान करें।’’
सिन्हा ने पोस्ट में लिखा, ‘‘बिहार के लोकप्रिय, कर्मठ और दूरदर्शी मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राजग सरकार के नेतृत्व में आपके मार्गदर्शन ने कभी पिछड़े कहे जाने वाले बिहार को विकास की नयी दिशा दी है। सुशासन, सामाजिक न्याय और बुनियादी ढांचे के सशक्त विस्तार के माध्यम से आपने ‘विकसित बिहार’ के सपने को मजबूती से आगे बढ़ाया है। आपकी ईमानदारी, सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की शक्ति प्रदान करें।’’
बिहार में राजग के सहयोगियों में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिराग पासवान, आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा और हिंदुस्तान अवाम मोर्चा के जीतन राम मांझी ने भी नीतीश कुमार को उनके जन्मदिन पर बधाई दी, और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं लंबी आयु की कामना की।
राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार को अपना ‘बड़ा भाई’ और ‘‘सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर आधारित राज्य के सर्वांगीण विकास का प्रतीक’’ बताया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चौना मीन ने भी नीतीश कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
भाषा रवि कांत नेत्रपाल
नेत्रपाल