बिहार के मुख्य सचिव ने होली से पहले सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने का दिया निर्देश

Ads

बिहार के मुख्य सचिव ने होली से पहले सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने का दिया निर्देश

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 07:14 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 07:14 PM IST

पटना, 24 फरवरी (भाषा) बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मंगलवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी होली पर्व के दौरान “शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण” उत्सव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाएं कड़ी की जाएं।

अधिकारियों ने बताया कि प्रत्यय ने तीन-चार मार्च को होने वाली होली से पहले राज्य भर में कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए उक्त निर्देश दिए। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें सभी जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) शामिल हुए।

पिछले वर्ष होली के दौरान सांप्रदायिक हिंसा की करीब 20 घटनाएं सामने आने का उल्लेख करते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) पंकज दराद ने जिला अधिकारियों से इस बार विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

एडीजी ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से शांति समिति की बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा, “शांति समिति की बैठकें हर हाल में आयोजित की जानी चाहिए, ताकि समाज के सभी वर्गों के बीच संवाद कायम हो और किसी भी तरह की गलत सूचना का तत्काल प्रभाव से मुकाबला किया जा सके।’’

पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने कहा, ‘‘सभी एसपी अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग करें, ताकि सतर्कता सुनिश्चित हो सके।”

उन्होंने यह भी कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष रूप से पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए।

सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच के लिए विशेष तलाशी दलों का गठन किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अस्पतालों और अग्निशमन सेवाओं को भी सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

भाषा कैलाश

शफीक

शफीक