बेगूसराय, 19 जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को राज्यभर में 551 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को प्रौद्योगिकी-सक्षम और मूल्य-आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है।
चौधरी ने यहां आयोजित एक समारोह में इन विद्यालयों का ऑनलाइन तरीके से उद्घाटन किया और इस पहल को राज्य के शिक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा एक विकसित समाज की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूल शिक्षा में आमूलचूल बदलाव लाने के लिए व्यापक सुधार लागू कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य ऐसा शिक्षण माहौल तैयार करना है, जहां प्रत्येक बच्चे को आधुनिक, उच्च गुणवत्ता वाली, प्रौद्योगिकी-सक्षम और मूल्य-आधारित शिक्षा उपलब्ध हो।’’
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, चौधरी ने कहा कि सरकार सरकारी विद्यालयों को इस स्तर तक उन्नत कर रही है कि इनका शैक्षणिक वातावरण निजी विद्यालयों के बराबर हो सके, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के बच्चों को शिक्षा के समान अवसर मिल सकें।
चौधरी ने कहा कि इन 551 मॉडल विद्यालयों से लगभग चार लाख विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की जायेगी और उन्हें मजबूत शैक्षणिक आधार उपलब्ध कराया जायेगा।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि भले ही शैक्षणिक अवसंरचना के मामले में बिहार अभी कई राज्यों से पीछे है लेकिन विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में राज्य ने उल्लेखनीय सुधार किया है।
तिवारी ने कहा कि लगभग 990 करोड़ रुपये की लागत से बनाये गये ये 551 मॉडल विद्यालय ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराएंगे।
भाषा देवेंद्र दिलीप
दिलीप