बरेली (उप्र), आठ सितंबर (भाषा) बरेली जिले में आंवला-अतरछेड़ी मार्ग पर डरुआपुर गांव के पास सोमवार शाम अरिल नदी पर बने रपटा पुल को पार करते समय एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई जिससे उस पर सवार तीन युवक तेज बहाव में बह गए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (आंवला) एच. उपाध्याय ने यह जानकारी देते हुए मंगलवार को बताया कि तीनों का अब तक पता नहीं चल सका है और उनकी तलाश में सुबह से जारी अभियान तेज कर दिया गया है।
उनके अनुसार, लापता युवकों की पहचान नितिन मौर्य (22), प्रेम मौर्य (25) और बिशन स्वरूप (22) के रूप में हुई है। तीनों बिशारतगंज के पुराना बाजार, वार्ड नंबर एक के निवासी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और फ्लड पीएसी की एक कंपनी को बचाव अभियान में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि रात में अंधेरा होने के कारण अभियान में दिक्कत आई, लेकिन मंगलवार सुबह से तलाश तेज कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है, जो लापता युवक नितिन के पिता की है।
बिशारतगंज के पूर्व अध्यक्ष सरजपाल ने बताया कि नितिन सोमवार शाम अपने पिता की मोटरसाइकिल लेकर आंवला की ओर गया था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान मोटरसाइकिल बरामद हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार शाम अरिल नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और रपटा पुल के ऊपर तेज गति से पानी बह रहा था। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने मोटरसाइकिल सवार युवकों को तेज बहाव के कारण पुल पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन वे बाइक लेकर आगे बढ़ गए।
बताया गया कि मोटरसाइकिल पुल के बीच पहुंचते ही तेज बहाव के कारण अनियंत्रित हो गई। बाइक फिसलने से तीनों युवक नदी में गिर गए और तेज धार में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों तथा गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। बाद में बिशारतगंज पुलिस की टीम भी बचाव अभियान में शामिल हो गई। लगातार बारिश, नदी के तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण रात में राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं।
हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य भी सोमवार रात घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने बचाव अभियान का जायजा लिया और संबंधित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन ने तीनों युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमों को लगाया है। नदी और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान जारी है।
भाषा सं जफर मनीषा
मनीषा