बिहार: जदयू के सांसद-विधायक 18 सितंबर को प्रबोधन कार्यक्रम में होंगे शामिल, नीतीश करेंगे उद्घाटन
बिहार: जदयू के सांसद-विधायक 18 सितंबर को प्रबोधन कार्यक्रम में होंगे शामिल, नीतीश करेंगे उद्घाटन
पटना, 16 सितंबर (भाषा) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने बुधवार को स्पष्ट किया कि पार्टी के सांसदों और विधायकों को 18 सितंबर को पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम के लिए बुलाया गया है।
पार्टी ने इस कार्यक्रम को लेकर उन अटकलों को खारिज किया कि किसी बड़े राजनीतिक फैसले की तैयारी की जा रही है।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर किसी मतभेद से इनकार किया।
उन्होंने कहा कि जदयू, सरकार द्वारा प्रस्तावित विधेयक का मसौदा साझा किए जाने के बाद ही इस पर अपना रुख तय करेगा।
प्रसाद ने कहा, “18 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार एक दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।”
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पार्टी के सभी सांसद और विधायक, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव तथा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार शामिल होंगे।
प्रसाद ने कहा, “इस कार्यक्रम का उद्देश्य हमारे जनप्रतिनिधियों को विधायी प्रक्रिया की जानकारी देना और उन्हें अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से उठाने के लिए तैयार करना है। इससे पिछले कुछ दिनों से फैलाई जा रही अफवाहों पर भी विराम लगेगा।”
हाल के दिनों में मीडिया के एक वर्ग में ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि जदयू कोई बड़ा राजनीतिक कदम उठाने की तैयारी में है और इसी उद्देश्य से विधायकों को पटना बुलाया गया है।
कुछ मीडिया संस्थानों ने यह दावा भी किया था कि शुक्रवार को पार्टी नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर सकती है और पार्टी का नाम बदलकर ‘जदयू-नीतीश’ करने का प्रस्ताव भी पारित किया जा सकता है।
प्रसाद ने इस पर मंगलवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी के नाम में बदलाव का प्रस्ताव केवल अगली राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक में ही लाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार जदयू के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं लेकिन “फिलहाल नीतीश कुमार की जगह उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का कोई प्रस्ताव मेरी जानकारी में नहीं है।”
प्रसाद ने यूसीसी पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, “जदयू का रुख विजय कुमार चौधरी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं। सरकार जब मसौदा साझा करेगी, तब उसका अध्ययन किया जाएगा। अगर किसी प्रावधान पर आपत्ति होगी तो हमारे कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे।”
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


