बिहार में 11 नए उपनगरीय शहर बसाने की योजना : मंत्री नीतीश मिश्र
बिहार में 11 नए उपनगरीय शहर बसाने की योजना : मंत्री नीतीश मिश्र
पटना, आठ मई (भाषा) बिहार के विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्र ने शुक्रवार को कहा कि सरकार 11 नए उपनगरीय शहर बसाने की योजना पर काम कर रही है और इसके लिए स्थलों की पहचान भी कर ली गई है। उन्होंने इसे राज्य के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वाकांक्षी और दूरगामी पहल बताया।
मिश्र ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रोहतास में भी एक उपनगरीय शहर बसाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा अन्य शहरी क्षेत्रों के ‘मास्टर प्लान’ भी तैयार किए जाएंगे, ताकि आगामी 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।
मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार के शहरी क्षेत्रों का तेजी से विस्तार हुआ है और राज्य में शहरीकरण का स्तर लगभग 17 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में शहरी विकास को सुव्यवस्थित और दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाना आवश्यक है।
मिश्र ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन, बिजली व्यवस्था, निगरानी, स्वच्छता और आधुनिक नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में विभाग लगातार कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है और वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि कोई भी शहर उस राज्य के सुशासन और विकास का प्रतिबिंब होता है। मिश्र ने कहा कि बिहार आने वाला कोई भी व्यक्ति सबसे पहले पटना और अन्य शहरों को देखकर राज्य के विकास की छवि अपने मन में बनाता है।
मंत्री ने कहा कि राज्य के सभी 264 नगर निकायों को आवश्यक सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे स्थानीय स्तर पर बेहतर कार्य कर सकें।
भाषा कैलाश आशीष
आशीष

Facebook


