पटना, 23 फरवरी (भाषा) बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि 21 वर्षों के शासन के बावजूद बिहार आज भी देश का सबसे गरीब और पिछड़ा राज्य बना हुआ है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने के बाद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पिछले 21 वर्षों से राज्य में राजग की सरकार है, लेकिन इस अवधि में बिहार देश का सबसे गरीब राज्य बना रहा।
उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारी, पलायन और गरीबी के मामले में भी बिहार शीर्ष पर है।
तेजस्वी ने कहा, “निवेश के मामले में बिहार सबसे चौपट राज्य है। प्रति व्यक्ति आय देश में सबसे कम है। शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में भी राज्य पिछड़ा हुआ है। बिहार की जनता ने 21 साल तक राजग को मौका दिया, लेकिन आज भी राज्य की गिनती देश के सबसे गरीब राज्यों में होती है।”
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बीते दो दशकों में राज्य में अपराध, भ्रष्टाचार, कुशासन और अफसरशाही में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार के मौजूदा बजट में आम लोगों के लिए कुछ भी खास नहीं है और न ही किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई दिखाई देती है।
वैशाली जिले के राघोपुर से विधायक तेजस्वी ने कहा, “राज्य में हर दिन हत्या, दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जब विपक्ष सदन में इन मुद्दों को उठाता है तो सरकार के पास कोई ठोस जवाब नहीं होता। केवल पुरानी और घिसी-पिटी बातें दोहराई जाती हैं।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि व्यापक भ्रष्टाचार के कारण सरकारी खजाना खाली हो चुका है। तेजस्वी ने दावा किया कि यदि यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में राज्य सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन देने के लिए भी धन की कमी हो सकती है।
हालांकि, इन आरोपों पर सत्तारूढ़ दल की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
भाषा
कैलाश
रवि कांत