बिहार : पत्नी की मौत मामले में आरोपी पति बीडीओ समेत दो लोग गिरफ्तार
बिहार : पत्नी की मौत मामले में आरोपी पति बीडीओ समेत दो लोग गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर, आठ जुलाई (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के चार दिन बाद पुलिस ने बुधवार को उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो दरभंगा जिले के जाले प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के पद पर तैनात है।
पुलिस ने बताया कि कुमार के खिलाफ दहेज हत्या और क्रूरता से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबक, पूछताछ के दौरान मनोज ने दावा किया कि उसकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की थी।
मनोज कुमार की पत्नी अमृता तीन जुलाई को मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित अपने घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं।
मुजफ्फरपुर के नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) मोहिबुल्लाह अंसारी ने संवाददाताओं को बताया कि घटना के तुरंत बाद मृतका के परिजनों ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया कि विवाह के बाद से मनोज कुमार और उनके परिवार के सदस्य 10 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर अमृता को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद मनोज कुमार फरार हो गया था और उनका मोबाइल फोन भी बंद था।
उन्होंने बताया क मनोज को मंगलवार शाम मुजफ्फरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
अंसारी ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी के कथित विवाहेतर संबंध के पहलू की भी पड़ताल की जा रही है और इस सिलसिले में बेगूसराय में तैनात एक महिला उपनिरीक्षक (दारोगा) को भी गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों ने अपनी शिकायत में महिला पुलिस अधिकारी का भी नाम लिया था।
अधिकारी ने बताया कि बीडीओ व महिला पुलिस अधिकारी के बीच कथित विवाहेतर संबंध भी घटना के संभावित कारणों में से एक हो सकता है।
उन्होंने बताया कि मनोज कुमार का मोबाइल फोन और घटनास्थल से एकत्र किए गए अन्य साक्ष्य फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
अंसारी ने बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों व परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


