बिहार: मुठभेड़ में बदमाश की मौत, दो पुलिसकर्मी घायल

Ads

बिहार: मुठभेड़ में बदमाश की मौत, दो पुलिसकर्मी घायल

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 03:31 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 03:31 PM IST

पटना, 13 जून (भाषा) बिहार के पटना जिले में एक अपहृत युवक को छुड़ाने गई पुलिस से मुठभेड़ में आरोपी व्यक्ति की मौत हो गई और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप था।

उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम मसौढ़ी थानाक्षेत्र के मनीचक गांव में उस समय हुई, जब पुलिस की एक टीम कथित अपहरणकर्ताओं के चंगुल से युवक को छुड़ाने के लिए वहां पहुंची थी।

पटना (शहर) के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने पत्रकारों को बताया, ‘‘हमें सूचना मिली थी कि चार से छह अपराधियों के एक समूह ने युवक का कथित तौर पर अपहरण कर उसकी पिटाई की और उसे जान से मारने की साजिश रच रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस की एक टीम गांव पहुंची। हमारे कर्मियों को देखते ही आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी और पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की।’’

उन्होंने बताया कि अतिरिक्त थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि एएसआई संजय के हाथ में चोट आई।

अधिकारी ने बताया, ‘‘जब पुलिस ने बचाव में जवाबी गोलीबारी की, तो मोहम्मद हैदर नाम का एक अपराधी घायल हो गया।’’

उन्होंने बताया कि पटना के एक अस्पताल में इलाज के दौरान हैदर की मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों का इलाज पटना-एम्स में जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

कुमार ने बताया, ‘‘युवक को मुक्त करा लिया गया और बाद में उसने जांच अधिकारियों को बताया कि उसे एक ऑनलाइन मंच के जरिए मोबाइल फोन खरीदने के बहाने उस जगह पर बुलाया गया था।’’

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड था और वह मसौढ़ी में दर्ज हत्या के एक मामले में जेल भी जा चुका था जहां से वह तीन-चार महीने पहले ही रिहा हुआ था।

उन्होंने बताया कि युवक के अपहरण के मामले में जो लोग अब भी फरार हैं, उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

भाषा जितेंद्र सुरभि

सुरभि