मुजफ्फरपुर, छह जुलाई (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में 26 वर्षीय एक महिला की कथित रुप से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि मृतका की पहचान रिंकू देवी (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मृत महिला के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके पति मनोज कुमार भगत ने किसी धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। दुबई से हाल ही में लौटा भगत इस घटना के बाद से फरार है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना सोमवार तड़के राजेपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में हुई।
पुलिस के अनुसार, रिंकू देवी पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी तथा उसका पति रविवार को अपने ससुराल पहुंचा था।
पुलिस का कहना है कि भगत दुबई में रह रहा था और हाल ही में विदेश से लौटा था।
राजेपुर थाना के प्रभारी रविकांत ने संवाददाताओं से कहा,‘‘ महिला की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के समय दंपति की छह माह की बेटी कमरे में मौजूद थी। परिजनों का आरोप है कि भगत ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी की हत्या कर दी और वारदात के बाद अपने दो वर्षीय बेटे को साथ लेकर फरार हो गया।’’
थाना प्रभारी ने बताया कि रविवार देर रात घरेलू विवाद को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद उसने धारदार हथियार से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में वह वहां से फरार हो गया। यह जानकारी मृतका के परिजनों ने पुलिस को दी है।’’
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच चल रही है।
थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे की सटीक वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार