बिहार के सहरसा जिले में मध्याह्न भोजन खाने से बच्चे हुए बीमार

बिहार के सहरसा जिले में मध्याह्न भोजन खाने से बच्चे हुए बीमार

बिहार के सहरसा जिले में मध्याह्न भोजन खाने से बच्चे हुए बीमार
Modified Date: May 7, 2026 / 07:32 pm IST
Published Date: May 7, 2026 7:32 pm IST

पटना, सात मई (भाषा) बिहार के सहरसा जिले में एक विद्यालय में मध्याह्न भोजन खाने के बाद 150 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

घटना जिले के बलुआहा गांव में स्थित एक माध्यमिक विद्यालय में हुई।

अधिकारी ने बताया कि 115 बच्चों का सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है, जबकि करीब 50 विद्यार्थियों को महिषी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

सहरसा के जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने संवाददाताओं से कहा, “हमें सूचना मिली कि बलुआहा में मध्याह्न भोजन खाने के बाद कई बच्चे बीमार हो गए। बच्चों का पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया, लेकिन बाद में कई बच्चों को सदर अस्पताल भेजना पड़ा।”

उन्होंने कहा, “चिकित्सकों के अनुसार बच्चों की हालत में सुधार हुआ है, लेकिन उन्हें कुछ समय तक निगरानी में रखा जाएगा। घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ बच्चों को हल्का बुखार है और उनका उपचार किया जा रहा है।”

इस बीच, कुछ बच्चों के परिजन ने दावा किया कि जिस बर्तन में पकी हुई दाल रखी गई थी उसमें एक सांप मिला।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में मौजूद 545 विद्यार्थियों में से करीब 200 बच्चे भोजन कर चुके थे।

इस दावे के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि एफएसएल टीम और औषधि निरीक्षक ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं।

उन्होंने कहा, “जांच के लिए भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा।”

स्थानीय निवासियों के अनुसार, दिल्ली की एक एजेंसी महिषी और नौहट्टा प्रखंड के तटबंध के बाहर स्थित विद्यालयों में अनुबंध के तहत ‘आउटसोर्सिंग’ के माध्यम से पका हुआ भोजन उपलब्ध कराती है।

भाषा कैलाश जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में