बिहार में स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को शाम पांच से रात 11 बजे तक महंगी बिजली मिलेगी

बिहार में स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को शाम पांच से रात 11 बजे तक महंगी बिजली मिलेगी

बिहार में स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को शाम पांच से रात 11 बजे तक महंगी बिजली मिलेगी
Modified Date: March 25, 2026 / 10:43 pm IST
Published Date: March 25, 2026 10:43 pm IST

पटना, 25 मार्च (भाषा) बिहार में एक अप्रैल से बिजली की कीमत ‘टाइम ऑफ डे’ (टीओडी)प्रणाली के आधार पर तय होगी। इसमें स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को शाम को अधिक मांग के समय महंगी बिजली मिलेगी। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

ऊर्जा विभाग के सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ‘टीओडी’ व्यवस्था के तहत बिजली की दरें खपत के समय के अनुसार बदलती हैं। अधिक मांग के समय दरें अधिक और कम मांग के समय कम रहती हैं।

आदेश के अनुसार, राज्य के उपभोक्ताओं को दिन के समय बिजली उपयोग पर अधिकतम 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। बिहार विद्युत विनियामक आयोग (बीईआरसी) ने बिजली वितरण कंपनियों नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की मांग पर इस योजना को मंजूरी दी है।

बीईआरसी ने दिन को तीन अवधियों में विभाजित किया है। इसके मुताबिक सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक कम खपत वाला समय तय किया गया है जबकि शाम पांच बजे से रात 11 बजे तक अधिक खपत वाला समय माना जाएगा। रात 11 बजे से सुबह नौ बजे को सामान्य अवधि माना जाएगा।

आदेश के मुताबिक, ग्रामीण (डीएस-1) और शहरी (डीएस-2) श्रेणी के स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले घरेलू उपभोक्ताओं को कम मांग के समय 7.42 रुपये प्रति यूनिट के आधार दर पर 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी, जिससे बिजली की प्रभावी दर 5.94 रुपये प्रति यूनिट हो जाएगी। वहीं, अधिक मांग अवधि में 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क के साथ दर 8.16 रुपये प्रति यूनिट हो जाएगी, जबकि सामान्य अवधि में 7.42 रुपये प्रति यूनिट की दर लागू रहेगी।

राज्य में लगभग 87 लाख उपभोक्ता स्मार्ट प्रीपेड मीटर का उपयोग कर रहे हैं।

भाषा कैलाश धीरज

धीरज


लेखक के बारे में