बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनाव धांधली से हुए, नये सिरे से चुनाव कराए जाएं : तेजस्वी यादव

Ads

बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनाव धांधली से हुए, नये सिरे से चुनाव कराए जाएं : तेजस्वी यादव

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 05:13 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 05:13 PM IST

पटना, 23 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग के भीतर मतभेदों की खबरों के बीच बुधवार को केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि बिहार और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव धांधली से कराए गए तथा दोनों राज्यों में नए सिरे से चुनाव होने चाहिए।

पटना में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘भाजपा ने बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की वजह से चुनाव जीते। निर्वाचन आयोग पूरी तरह बेनकाब हो चुका है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मुख्य निर्वाचन आयुक्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर काम कर रहे हैं। अब यह स्पष्ट हो गया है कि बिहार और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव धांधली से हुए थे… वे फर्जी थे। दोनों राज्यों में फिर से चुनाव कराए जाने चाहिए।”

राजद नेता ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह का पूरा समर्थन प्राप्त है तथा देश में संवैधानिक संस्थाओं का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है।

तेजस्वी ने कहा, ‘‘मैं कहना चाहता हूं कि मोदी, अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार देश में संवैधानिक संस्थाओं का खुलेआम दुरुपयोग कर रहे हैं। सभी संवैधानिक संस्थाएं भ्रष्ट हो चुकी हैं और भाजपा की इकाइयों की तरह काम कर रही हैं।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह देश में संवैधानिक संस्थाओं के पतन का मूल कारण हैं।

तेजस्वी ने कहा कि देश की जनता उन्हें सत्ता से हटाएगी।

भाषा कैलाश शफीक

शफीक