पटना के बापू टावर में नौ सितंबर से गांधी फिल्म महोत्सव, सात दुर्लभ फिल्मों का होगा प्रदर्शन

Ads

पटना के बापू टावर में नौ सितंबर से गांधी फिल्म महोत्सव, सात दुर्लभ फिल्मों का होगा प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - September 7, 2026 / 08:48 PM IST,
    Updated On - September 7, 2026 / 08:48 PM IST

पटना, सात सितंबर (भाषा) बिहार की राजधानी पटना स्थित बापू टावर में नौ से 11 सितंबर तक तीन दिवसीय गांधी फिल्म महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान महात्मा गांधी के जीवन और विचारों पर आधारित सात दुर्लभ फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

बापू टावर और नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएफडीसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य स्कूली बच्चों, विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों और युवाओं को गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वावलंबन के आदर्शों से जोड़ना है। महोत्सव में प्रवेश सभी के लिए नि:शुल्क रहेगा।

बापू टावर की ओर से जारी बयान के अनुसार, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को विशेष रूप से इस आयोजन में आमंत्रित किया गया है।

महोत्सव का उद्घाटन नौ सितंबर को सुबह 11 बजे रिचर्ड सैमुअल एटनबरो की ऑस्कर विजेता फिल्म ‘गांधी’ (1982) के प्रदर्शन के साथ होगा। इसके बाद दोपहर तीन बजे ‘गांधी–प्रोफेट ऑफ द 20थ सेंचुरी’ (1940) दिखाई जाएगी। दस सितंबर को ‘महात्मा गांधी टॉक्स’ (1931) और ‘ए बाउंडलेस आइडिया’ (1970) फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

महोत्सव के अंतिम दिन 11 सितंबर को ‘मैंने गांधी को नहीं मारा’ (2005) के साथ ऐतिहासिक फुटेज पर आधारित ‘नोआखाली एक्सट्रैक्ट्स’ (1946) और ‘साउथ इंडिया टूर ऑफ महात्मा गांधी’ (1946) का प्रदर्शन होगा।

बयान के अनुसार, अक्टूबर 2024 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा उद्घाटित 102 फुट ऊंचे बहुमंजिला बापू टावर का निर्माण महात्मा गांधी के जीवन, कार्यों, विचारों और बिहार के साथ उनके गहरे संबंधों को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से किया गया है।

महात्मा गांधी का बिहार से जुड़ाव वर्ष 1917 के ऐतिहासिक चंपारण सत्याग्रह से शुरू हुआ था।

बापू टावर में तीन थिएटर, एक सभागार, प्रदर्शनी कक्ष, कार्यालय, प्रतीक्षालय, संग्रहालय की दुकान और कैंटीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

भाषा

कैलाश रवि कांत