पटना, 13 फरवरी (भाषा) गेट्स फाउंडेशन 2030 तक बिहार सरकार को स्वास्थ्य, कृषि और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए तकनीकी सहयोग देगा। इसके लिए राज्य सरकार और गेट्स फाउंडेशन के बीच समझौते का शुक्रवार को अगले पांच वर्षों के लिए नवीनीकरण किया गया है।
समझौता अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। इसके तहत राज्य सरकार के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की प्राप्ति के लिए स्वास्थ्य समेत कुछ अन्य विभागों को तकनीकी सहयोग मिलेगा।
समझौते पर शुक्रवार को पुराने सचिवालय के सभाकक्ष में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। समझौते पर बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और गेट्स फाउंडेशन-भारत की निदेशक अर्चना व्यास ने हस्ताक्षर किए।
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार और गेट्स फाउंडेशन के बीच वर्ष 2010 से साझेदारी रही है और पिछले 15 वर्ष में इस समझौते का कई बार नवीनीकरण किया जा चुका है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समझौते के नवीनीकरण को लेकर स्वास्थ्य मंत्री को बधाई देते हुए कहा कि बिहार सरकार राज्य के लोगों के जीवन स्तर में सतत सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि गेट्स फाउंडेशन के तकनीकी सहयोग और विशेषज्ञता से आगे भी राज्य को मदद मिलती रहेगी, जिससे बिहार के विकास को नयी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से वर्ष 2030 तक एसडीजी की प्राप्ति की दिशा में राज्य की और प्रगति होगी।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में स्वास्थ्य और विकास सूचकांकों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 के बाद से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में लगभग आधी कमी आई है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि यह सहयोग केवल कार्यक्रमों के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्थागत क्षमता विकास और प्रणाली के सुदृढ़ीकरण पर केंद्रित है।
गेट्स फाउंडेशन-भारत की निदेशक अर्चना व्यास ने कहा कि संस्था को बिहार के साथ साझेदारी को आगे बढ़ाने पर गर्व है।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य स्वास्थ्य व पोषण के परिणामों में सुधार, रोग व गरीबी के बोझ को कम करना तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और आजीविका के अवसरों तक पहुंच को मजबूत बनाना है।
इस समझौते के तहत गेट्स फाउंडेशन अपने भागीदारों के साथ मिलकर स्वास्थ्य, कृषि और ग्रामीण विकास विभागों में राज्य सरकार को तकनीकी सहयोग देगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार सिंह और गेट्स फाउंडेशन के निदेशक (स्वास्थ्य) रजनी वैद्य समेत राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भाषा कैलाश
जोहेब
जोहेब