पटना, 18 नवंबर (भाषा) बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने राज्य में विधानसभा चुनाव के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर मंगलवार को प्रसन्नता व्यक्त की।
खान ने पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मतदाताओं द्वारा प्रदर्शित “लोकतांत्रिक संस्कार” की सराहना की और “लोकतंत्र में जनता के विश्वास” के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि इतना बड़ा चुनावी आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और राज्य के किसी भी हिस्से में पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।” राज्यपाल ने कहा, “मुझे इस बात पर आश्चर्य हुआ कि जिन जिलों को सबसे पिछड़ा माना जाता था, वहां अधिक मतदान दर्ज किया गया। इन जिलों में महिला मतदाताओं की भागीदारी भी अधिक रही।”
बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में छह और 11 नवंबर को हुआ था जबकि परिणाम 14 नवम्बर को घोषित किए गए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को इस्तीफा सौंपेंगे और बृहस्पतिवार को दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र