‘हम’ के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने गोलीबारी वाले वायरल वीडियो को एआई-निर्मित बताया, राजद को घेरा

‘हम’ के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने गोलीबारी वाले वायरल वीडियो को एआई-निर्मित बताया, राजद को घेरा

‘हम’ के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने गोलीबारी वाले वायरल वीडियो को एआई-निर्मित बताया, राजद को घेरा
Modified Date: March 27, 2026 / 02:20 pm IST
Published Date: March 27, 2026 2:20 pm IST

पटना, 27 मार्च (भाषा) हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे उस वीडियो को कृत्रिम मेधा(एआई)-निर्मित बताया जिसमें कथित तौर पर वह गोलीबारी करते दिख रहे हैं।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते से साझा कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधा है। इस पूरे मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

हालांकि, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के सलाहकार दानिश रिजवान ने वायरल वीडियो को फर्जी और एआई-निर्मित बताया है।

‘हम’ के प्रवक्ता ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि यह वीडियो 2017 की एक घटना से जुड़ा है, जिसके संबंध में आरा नगर थाना में पहले ही प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है और इस मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी भी हुई थी।

रिजवान ने बताया कि उनके भाई जमाल अशरफ ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आरा के सीके रोड निवासी शाहिद अली ने अपने साले फैज के साथ मिलकर एआई की मदद से वीडियो में छेड़छाड़ कर उसे फिर से प्रसारित किया जिसमें मुझे गोलीबारी करते दिखाया जा रहा है।’’

रिजवान ने कहा कि कथित फर्जी वीडियो के आधार पर उनका पिस्तौल का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया था, जिसे बाद में उच्च न्यायालय के आदेश पर बहाल कर दिया गया।

रिजवान ने तेजस्वी यादव पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘उनकी पार्टी के लोगों ने मेरा गोलीबारी करते एआई-निर्मित वीडियो अपलोड किया।’’

भाषा कैलाश खारी

खारी


लेखक के बारे में