जद(यू) विधायक नरेंद्र नारायण यादव ‘प्रोटेम स्पीकर’ नियुक्त, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

जद(यू) विधायक नरेंद्र नारायण यादव ‘प्रोटेम स्पीकर’ नियुक्त, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

जद(यू) विधायक नरेंद्र नारायण यादव ‘प्रोटेम स्पीकर’ नियुक्त, राज्यपाल ने दिलाई शपथ
Modified Date: November 24, 2025 / 07:28 pm IST
Published Date: November 24, 2025 7:28 pm IST

पटना, 24 नवंबर (भाषा) जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के वरिष्ठ नेता एव आलमनगर से लगातार आठ बार के विधायक नरेंद्र नारायण यादव को सोमवार को बिहार विधानसभा का ‘प्रोटेम स्पीकर’ (अस्थायी अध्यक्ष) नियुक्त किया गया।

राजभवन में आयोजित सादे समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।

आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘प्रोटेम स्पीकर’ के रूप में यादव अब नयी विधानसभा के सभी 243 विधायकों को शपथ दिलाएंगे और आगामी विधानसभा कार्यवाही की रूपरेखा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

‘प्रोटेम स्पीकर’ वह अस्थायी अध्यक्ष होता है जिसे नयी विधानसभा के गठन के तुरंत बाद सीमित और प्रारंभिक कार्यों के लिए नियुक्त किया जाता है जिसका मुख्य कार्य नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाना, स्थायी अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया का संचालन करना है।

बिहार विधानसभा के ‘प्रोटेम स्पीकर’ नरेंद्र नारायण यादव जयप्रकाश नारायण आंदोलन के दौरान सक्रिय रहे और 1995 में पहली बार आलमनगर सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। तब से वह लगातार आठ बार इस सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं।

यादव बिहार सरकार में मंत्री और विधानसभा उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। उनकी सादगीपूर्ण छवि और मजबूत जनाधार ने उन्हें जद(यू) के प्रभावशाली नेताओं में शामिल किया है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, ‘प्रोटेम स्पीकर’ के लिए उनके नाम पर विचार करते समय उनकी वरिष्ठता, अनुभव और सतत राजनीतिक सक्रियता को प्रमुख आधार माना गया।

भाषा कैलाश खारी

खारी


लेखक के बारे में