फुलवारी शरीफ में लालू प्रसाद ने किया रोड शो, लंबे समय बाद जनता के बीच दिखे
फुलवारी शरीफ में लालू प्रसाद ने किया रोड शो, लंबे समय बाद जनता के बीच दिखे
पटना, चार नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव मंगलवार को पटना के फुलवारी शरीफ विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे।
खराब स्वास्थ्य के कारण लंबे समय से सार्वजनिक मंचों पर लालू की उपस्थिति कम ही देखी जा रही थी।
फुलवारी शरीफ की उनकी यह यात्रा एक तरह से “रोड शो” के रूप में देखी जा रही है।
फुलवारी शरीफ, अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित विधानसभा सीट है, जहां मुस्लिम आबादी भी काफी अधिक है। यह क्षेत्र लालू प्रसाद के आवास से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
राजद प्रमुख ने कार के अंदर से ही राहगीरों और समर्थकों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
हृदय संबंधी सर्जरी और ‘किडनी ट्रांसप्लांट’ करा चुके लालू प्रसाद पिछले कई महीनों से सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर थे।
उन्हें आखिरी बार सार्वजनिक तौर पर उस समय देखा गया था, जब उनके पुत्र एवं महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने वैशाली जिले की राघोपुर सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया था।
उस समय लालू प्रसाद अपनी पत्नी राबड़ी देवी और बड़ी बेटी मीसा भारती संग व्हीलचेयर से वहां पहुंचे थे।
फुलवारी शरीफ सीट से इस बार राजद की सहयोगी पार्टी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद मंगलवार को अकेले पहुंचे थे और वाहन से बाहर नहीं निकले।
वह चुनाव प्रचार थमने से लगभग एक घंटा पहले अपने आवास लौट आए।
परिवार से जुड़े सूत्रों के अनुसार, लालू प्रसाद ने सोमवार को भी इसी तरह की एक यात्रा की थी और दानापुर गए थे, जहां उन्होंने राजद विधायक रीत लाल यादव के समर्थन में लोगों से अपील की थी।
गैंगस्टर से नेता बने रीत लाल यादव इस समय भागलपुर जेल में बंद है और वह रंगदारी के एक मामले में अभियोजन कार्रवाई का सामना कर रहा है।
चुनाव प्रचार के लिए उसकी जमानत याचिका पटना उच्च न्यायालय ने खारिज कर दी थी।
भाषा कैलाश खारी
खारी

Facebook


