संभल (उप्र), दो सितम्बर (भाषा) श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर संभल जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये हैं। इस पर्व के अवसर पर जिले भर में 38 शोभायात्राएं निकाली जायेंगी और 13 मेले आयोजित किये जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि जन्माष्टमी पर विभिन्न आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिये स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पीएसी, ‘द्रुत कार्यबल (रैपिड एक्शन फोर्स) और होमगार्ड् के जवानों को तैनात किया जाएगा, जबकि महत्वपूर्ण शोभायात्राओं एवं कार्यक्रमों की निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जायेगी।
त्रिपाठी ने कहा, ‘‘हमने थाना क्षेत्र के हिसाब से सभी कार्यक्रमों की सूची तैयार कर ली है। हम आयोजकों, शांति समिति के सदस्यों एवं आस-पास के धार्मिक स्थलों से जुड़े प्रमुख लोगों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी शोभायात्राओं के रास्तों का व्यापक निरीक्षण कर रहे हैं और कार्यक्रमों से पहले किसी भी समस्या को दूर करने के लिए अन्य विभागों के साथ समन्वय कर रहे हैं।
त्रिपाठी ने कहा कि सभी शोभायात्राओं के लिए अलग-अलग और व्यापक तैनाती की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पीएसी, द्रुत कार्यबल होमगार्ड जवानों के अलावा निरीक्षक, उप निरीक्षक और सिपाही भी तैनात किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ड्रोन कैमरे विभिन्न स्थानों पर महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और शोभायात्राओं की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि जो सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे, उनकी जांच करके उन्हें ठीक किया जा रहा है।
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार