मोदी सरकार ने किया आर्थिक विनाश: कांग्रेस
मोदी सरकार ने किया आर्थिक विनाश: कांग्रेस
पटना, 24 सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार के आर्थिक विनाश ने करोड़ों भारतीय नागरिकों को निराशा के गर्त में धकेल दिया है, जबकि वह अर्थव्यवस्था की झूठी छवि गढ़ने की कोशिश में जुटी है।
पार्टी की विस्तारित कार्य समिति की बैठक में पारित प्रस्ताव में यह दावा भी किया गया है कि सरकार ने गैर-राजग शासित राज्यों के प्रति सौतेला व्यवहार करते हुए उनकी जीएसटी क्षतिपूर्ति को रोक रखा है।
कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) ने आरोप लगाया, ‘इस सरकार द्वारा किए गए आर्थिक विनाश ने करोड़ों भारतीयों को निराशा के गर्त में धकेल दिया है, जबकि सरकार आँकड़ों में हेरफेर कर बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था की झूठी छवि गढ़ने की कोशिश में जुटी है।’
उसका कहना है, ‘ बेरोजगारी ऐतिहासिक स्तर पर है और भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम बर्बादी की कगार पर हैं।’
प्रस्ताव में दावा किया गया है कि असमानता शर्मनाक स्तर तक बढ़ चुकी है, जबकि सरकार जानबूझकर केवल प्रधानमंत्री के करीबी मित्रों को फायदा पहुँचाने वाली नीतियाँ बना रही है।
पार्टी ने यह भी कहा, ‘पहले से ही कर्ज़, बार-बार आने वाली प्राकृतिक आपदाओं, खाद की कमी और कृषि सामग्री की बढ़ती कीमतों के बोझ से दबे हुए किसानों को समुचित केंद्रीय सहायता से लगातार वंचित रखकर व्यवस्थित रूप से आत्महत्या की ओर धकेला जा रहा है।’
कार्य समिति ने कहा, ‘राज्यों की मदद करने के बजाय, सरकार ने गैर-राजग शासित राज्यों के प्रति सौतेला व्यवहार करते हुए उनकी जीएसटी क्षतिपूर्ति को रोक रखा है। स्थिति को और भी गंभीर बनाते हुए, मनरेगा के बजट में की गई कटौती ने भारत के करोड़ों गरीब नागरिकों को भयावह गरीबी में धकेल दिया है।’
भाषा हक नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


