संसद में महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सांसद पप्पू यादव घिरे

संसद में महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सांसद पप्पू यादव घिरे

संसद में महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सांसद पप्पू यादव घिरे
Modified Date: April 21, 2026 / 06:55 pm IST
Published Date: April 21, 2026 6:55 pm IST

पटना, 21 अप्रैल (भाषा) बिहार से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव संसद में महिला आरक्षण के मुद्दे महिलाओं को लेकर विवादित टिप्पणी करने के चलते मंगलवार को आलोचनाओं के घेरे में आ गए।

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की राजनीति में महिलाओं को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने उनकी आलोचना की है, जिसमें शहजाद पूनावाला और तुहिन सिन्हा शामिल हैं।

पूनावाला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘चौंकाने वाला बयान! जब देश नारी शक्ति को आगे बढ़ाने में जुटा है, तब देखिए कांग्रेस समर्थित सांसद क्या कह रहे हैं।’’

सिन्हा ने अपने पोस्ट में यादव के बयान को ‘‘घृणित और शर्मनाक’’ बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘पप्पू यादव स्वनिर्मित महिला नेताओं का अपमान कर रहे हैं। क्या प्रियंका गांधी इस आपत्तिजनक महिला-विरोधी नेता को बाहर करेंगी या उनके विचारों का समर्थन करती हैं? घृणित लोग।’’

इस बीच, बिहार राज्य महिला आयोग ने यादव को नोटिस जारी करके तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है कि क्यों ना उनकी अयोग्यता की सिफारिश करते हुए लोकसभा अध्यक्ष से संपर्क किया जाए।

आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा, ‘‘हमने पूर्णिया सांसद द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का स्वतः संज्ञान लिया है। उनके जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।’’

भाषा कैलाश

अमित

अमित


लेखक के बारे में