bihar news/ image source: IBC24 X HANDLE
Bihar Sharif Stampede News: नालंदा: बिहारशरीफ में 31 मार्च को मघड़ा स्थित मां शीतला मंदिर में हुई दर्दनाक भगदड़ ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था, जिसमें 8 महिलाओं की जान चली गई। इस घटना ने प्रशासनिक लापरवाही को उजागर किया, जिसके बाद जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने अपनी चूक स्वीकार करते हुए सुधार की दिशा में तेजी से कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में नगर निगम बिहारशरीफ ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया। बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया, जिससे रास्तों को चौड़ा और सुगम बनाया जा सके। उप नगर आयुक्त शम्स रजा के अनुसार, अतिक्रमण हटाने का अभियान पहले से जारी था, लेकिन हादसे के बाद इसे और तेज कर दिया गया है, ताकि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाकर आम लोगों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार किया जा सके। इसके साथ ही जिस स्थान पर भगदड़ हुई थी, वहां की सीढ़ियों को तोड़कर समतल स्लोप यानी रैंप बनाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान हो और भीड़ का दबाव नियंत्रित किया जा सके।
मंदिर परिसर में सुरक्षा के अन्य उपाय भी किए जा रहे हैं, जिनमें सीढ़ियों के पास मजबूत स्टील रॉड लगाना और पहले से लगे बांस को हटाना शामिल है। साथ ही, आसपास फैले अतिक्रमण को हटाकर जगह को खुला और व्यवस्थित बनाया जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में लोगों को निकलने में परेशानी न हो। स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देते हुए मंदिर परिसर में जमा गंदे पानी को साफ कर उसमें स्वच्छ पानी भरा जाएगा। इसके अलावा मंदिर तक जाने वाली सड़कों को चौड़ा करने की योजना तैयार की जा रही है।