आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक लोकसभा सीटे जीतेगा राजग गठबंधन: नीतीश

Ads

आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक लोकसभा सीटे जीतेगा राजग गठबंधन: नीतीश

  •  
  • Publish Date - March 2, 2024 / 07:52 PM IST,
    Updated On - March 2, 2024 / 07:52 PM IST

बेगूसराय, दो मार्च (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) आगामी लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करेगा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत गठबंधन 400 से अधिक सीटें जीतेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के बेगूसराय जिले में शनिवार को देश भर में लगभग 1.62 लाख करोड़ रुपये की तेल एवं गैस क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

इन परियोजनाओं में 30 हजार करोड रूपये की कई विकास परियोजनाएं बिहार के लिए भी हैं।

कुमार ने बेगुसराय में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘बीच में हम इधर-उधर हो गए थे लेकिन हम फिर आ गए हैं (राजग में वापस)। स्थायी तौर पर रहने के लिए आ गए हैं। चिंता मत करिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक बार फिर दोहरा रहा हूं कि राजग गठबंधन आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटें जीतेगा।’’

कुमार पिछले महीने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन को छोड़ अपने पुराने सहयोगी भाजपा नीत राजग में लौट आए थे।

कुमार ने कहा, ‘‘हम बिहार में आपका (प्रधानमंत्री मोदी) स्वागत करते हैं। बिहार में खूब विकास हो रहा है। मुझे विश्वास है कि अब चीजें तेजी से आगे बढ़ेंगी और राज्य विकास की नयी ऊंचाइयों पर पहुंचेगा। आपने (मोदी ने) आज कई परियोजनाओं का अनावरण किया…अब आप बिहार आते रहेंगे।’’

इससे पहले औरंगाबाद में मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया, ‘‘मैं आपको (मोदी को) भरोसा दिलाता हूं कि अब मैं हमेशा राजग में रहूंगा।’’

भाषा सं अनवर जितेंद्र

जितेंद्र