पटना, 29 जून (भाषा) बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार सोमवार को राजधानी पटना स्थित पांच देशरत्न मार्ग स्थित सरकारी आवास में स्थानांतरित हो गए।
राज्य सरकार के भवन निर्माण विभाग ने हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को पांच देशरत्न मार्ग स्थित यह सरकारी आवास आवंटित किया था।
यह विशाल सरकारी आवास परंपरागत रूप से राज्य के उपमुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के रूप में माना जाता रहा है।
निशांत कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सोमवार को पांच देशरत्न मार्ग स्थित आवास में गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सत्यनारायण भगवान की पूजा भी हुई, जिसमें मेरे पिता नीतीश कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्य शामिल हुए। अब मैं अपने नए सरकारी आवास में रहने आ गया हूं।’’
पांच देशरत्न मार्ग स्थित यह सरकारी आवास राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है और यहां कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां निवास कर चुकी हैं।
यह आवास इससे पहले तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास था।
इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव भी उपमुख्यमंत्री रहते हुए इसी आवास में रह चुके हैं।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र