कार्नेगी की ‘ग्रेट इमिग्रेंट्स-2026’ सूची में चार भारतीय-अमेरिकियों को स्थान

Ads

कार्नेगी की ‘ग्रेट इमिग्रेंट्स-2026’ सूची में चार भारतीय-अमेरिकियों को स्थान

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 09:25 AM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 09:25 AM IST

(सीमा हाकू काचरू)

ह्यूस्टन, एक जुलाई (भाषा) साइबर सुरक्षा क्षेत्र से जुड़े निकेश अरोड़ा और हार्वर्ड विश्वविद्यालय की प्रोफेसर महजरीन बनजी सहित चार भारतीय-अमेरिकियों को वर्ष 2026 के लिए ‘कार्नेगी कॉर्पोरेशन ऑफ न्यूयॉर्क’ की प्रतिष्ठित ‘ग्रेट इमिग्रेंट्स, ग्रेट अमेरिकन्स’ सूची में स्थान मिला है।

इस सूची में शामिल अन्य सम्मानित भारतीय-अमेरिकी हस्तियों में हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के प्रोफेसर डॉ. संजीव चोपड़ा और ‘वर्टेक्स फार्मास्युटिकल्स’ की अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रेशमा केवलरमानी शामिल हैं।

वर्ष 2026 की इस सूची में 21 देशों के 25 ऐसे नागरिकों को स्थान दिया गया है, जिन्होंने अमेरिका की नागरिकता प्राप्त की है। इस सूची की घोषणा ऐसे समय में की गई है, जब अमेरिका अपनी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहा है।

इन सम्मानित हस्तियों को ‘कार्नेगी कॉर्पोरेशन’ के वार्षिक ‘फोर्थ ऑफ जुलाई ग्रेट इमिग्रेंट्स, ग्रेट अमेरिकन्स’ अभियान के तहत सम्मानित किया जाएगा। यह अभियान अमेरिका के विकास में अप्रवासियों के योगदान का सम्मान करता है।

‘पालो ऑल्टो नेटवर्क्स’ के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी निकेश अरोड़ा का जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था। हैदराबाद में जन्मी हार्वर्ड विश्वविद्यालय की सामाजिक मनोवैज्ञानिक महजरीन बनजी अंतर्निहित पूर्वाग्रह (इम्प्लिसिट बायस) पर अपने अग्रणी शोध के लिए जानी जाती हैं।

नयी दिल्ली में जन्मे डॉ. चोपड़ा हार्वर्ड मेडिकल स्कूल में यकृत (लिवर) रोगों के विशेषज्ञ और प्रख्यात शिक्षक हैं। वहीं, मुंबई में जन्मीं रेशमा केवलरमानी वर्टेक्स फार्मास्युटिकल्स का नेतृत्व कर रही हैं।

पिछले वर्ष भारतीय मूल की नागरिक अधिकार अधिवक्ता मंजूषा पी. कुलकर्णी और येल विश्वविद्यालय की खगोल-भौतिकीविद् प्रियम्वदा नटराजन को भी इस प्रतिष्ठित सूची में स्थान मिला था।

इससे पहले यह सम्मान पाने वाले भारतीय मूल की हस्तियों में नोबेल पुरस्कार विजेता अभिजीत बनर्जी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ आशीष कुमार झा, अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ, नासा के वैज्ञानिक कमलेश लुल्ला, अमेरिका के पूर्व सर्जन जनरल विवेक मूर्ति, एडोब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शांतनु नारायण तथा अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई शामिल हैं।

भाषा खारी वैभव

वैभव