पटना, 25 अप्रैल (भाषा) बिहार सरकार द्वारा ‘सात निश्चय-2’ के तहत 50 लाख नौकरियां और रोजगार के अवसर प्रदान किए जाने का दावा करते हुए जनता दल (यूनाइटेड) नेता निशांत कुमार ने शनिवार को कहा कि वर्ष 2030 तक एक करोड़ रोजगार सृजित करने के लिए सर्वोत्तम प्रयास किए जाएंगे।
बिहार सरकार ने ‘सात निश्चय-2’ (2020-25) के तहत 10 लाख नौकरियों और रोजगार के अवसरों की घोषणा की थी, लेकिन बाद में 2022 में इस लक्ष्य को बढ़ाकर 20 लाख कर दिया गया।
नीतीश के नेतृत्व वाली राजग सरकार द्वारा घोषित ‘सात निश्चय-3’ के तहत, 2025 और 2030 के बीच एक करोड़ नौकरियां और रोजगार के अवसर प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘पिछली बार घोषित 20 लाख के लक्ष्य के मुकाबले हमने 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरियां और 40 लाख लोगों को रोजगार प्रदान किया। सरकार 2030 तक एक करोड़ नौकरियां और रोजगार के अवसर प्रदान करने के अपने वादे के प्रति प्रतिबद्ध है।’’
उन्होंने दावा किया कि प्रत्येक जिले में औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित करने का काम जारी है।
भाषा शफीक माधव
माधव