बिहार बंद के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिया गया

Ads

बिहार बंद के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिया गया

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 02:06 PM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 02:06 PM IST

पटना, 25 जुलाई (भाषा) पुलिस ने जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख तेज प्रताप यादव को राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ शनिवार को बिहार बंद के दौरान पटना में प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल होने पर हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यादव पटना के रामगुलाम चौक पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल हुए, जिसके कुछ देर बाद ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर वाहन में बैठा लिया।

पुलिस द्वारा ले जाए जाने से पहले वाहन का दरवाजा पकड़े यादव ने कहा, ‘‘हम छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। जरूरत पड़ी तो मैं छात्रों के अधिकारों के लिए अपनी जान देने को भी तैयार हूं।’’

इस संबंध में पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

यादव ने प्रदर्शन में शामिल होकर बंद को अपना समर्थन दिया था।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने प्रदर्शन में शामिल होने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग दोहराई।

अधिकारियों ने बताया कि नीट प्रश्नपत्र लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में राज्यव्यापी बंद के समर्थन में वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने शनिवार को बिहार के कई जिलों में प्रदर्शन किया और पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई।

पुलिस ने बताया कि बंद का राज्यभर में मिलाजुला असर रहा। पटना में पथराव की घटनाएं हुईं, जबकि नालंदा, नवादा, जहानाबाद और रोहतास में बंद का बहुत कम असर देखने को मिला।

भाषा

सिम्मी सुभाष

सुभाष