नीतीश कुमार ने खुद को 35 वर्षों से बनाए गए ‘ऊंचे आदर्शों’ के मंच से नीचे उतार लिया है : किशोर

नीतीश कुमार ने खुद को 35 वर्षों से बनाए गए ‘ऊंचे आदर्शों’ के मंच से नीचे उतार लिया है : किशोर

नीतीश कुमार ने खुद को 35 वर्षों से बनाए गए ‘ऊंचे आदर्शों’ के मंच से नीचे उतार लिया है : किशोर
Modified Date: March 25, 2026 / 11:48 pm IST
Published Date: March 25, 2026 11:48 pm IST

पटना, 25 मार्च (भाषा) जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर दोबारा निर्वाचित होने और अपने पुत्र निशांत कुमार को पार्टी में शामिल करने के साथ ही उन्होंने खुद को पिछले 35 वर्षों से बनाए गए ‘ऊंचे आदर्शों’ के मंच से नीचे उतार लिया है।

जदयू के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किशोर (48) ने मुंगेर जिले में राज्य के राजनीतिक घटनाक्रम के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘ नीतीश कुमार हमेशा जदयू के सर्वोच्च नेता रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बने रहना और अपने पुत्र को पार्टी में शामिल करना इस बात का प्रमाण है कि वे भी उन नेताओं से अलग नहीं हैं, जो अपनी पार्टी को निजी जागीर की तरह अपने वारिसों को सौंपना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा, “पिछले 35 वर्षों से नीतीश कुमार खुद को ऊंचे आदर्शों पर स्थापित करते रहे और दूसरों पर परिवारवाद का आरोप लगाते रहे। लेकिन अब वह नैतिक आधार का यह दावा नहीं कर सकते।’’

किशोर ने कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने और राज्य में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, ‘‘नई सरकार का नेतृत्व कौन करेगा, यह फैसला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को करना है, जो चुनाव से पहले मतदाताओं को खुलेआम प्रलोभन दिए बिना सत्ता में नहीं आ सकता था।’’

उनका इशारा विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की ओर था, जिसके तहत एक करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि जमा कराई गई थी। चुनाव में महिलाओं की रिकॉर्ड भागीदारी को राजग की जीत का बड़ा कारण माना गया।

किशोर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, ‘‘बिहार में सरकार कैसी भी बने, यह तय है कि वह गुजरात के हितों को ध्यान में रखकर ही चलाई जाएगी।’’

इस बीच, पटना में निशांत कुमार ने अपने 75 वर्षीय पिता के जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर दोबारा चुने जाने की खुशी में पार्टी कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया।

निशांत कुमार (44) ने भरोसा दिलाया कि वे जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने सुझाव दिया कि नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल में प्राप्त हुई उपलब्धियों को पुस्तक की शक्ल देकर उसे पूरे राज्य में बांटा जाए।

भाषा कैलाश

धीरज

धीरज


लेखक के बारे में