नीतीश कुमार ने बनाया रिकॉर्ड, चारों सदनों के सदस्य रहने वाले नेताओं में शामिल
नीतीश कुमार ने बनाया रिकॉर्ड, चारों सदनों के सदस्य रहने वाले नेताओं में शामिल
पटना, 10 अप्रैल (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेकर एक कीर्तिमान स्थापित किया। वह लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद-चारों सदनों के सदस्य रहने वाले बिहार के चुनिंदा नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं।
इस उपलब्धि के साथ नीतीश कुमार उन नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने चारों विधायी सदनों की सदस्यता का अनुभव प्राप्त किया है। इस विशिष्ट ‘क्लब’ में राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिवंगत सुशील कुमार मोदी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि का नाम भी शामिल है।
राजनीतिक विश्लेषक अरुण कुमार पांडे का मानना है कि चारों सदनों की सदस्यता का अनुभव किसी भी नेता को विधायी प्रक्रिया की व्यापक समझ प्रदान करता है। नीतीश कुमार का यह रिकॉर्ड उन्हें भारतीय राजनीति में व्यापक संसदीय अनुभव रखने वाले नेताओं की श्रेणी में स्थापित करता है।
उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार ने कुछ दिन पहले ही संकेत दिया था कि वह राज्यसभा के सदस्य बनकर चारों सदनों में कार्य करने का अनुभव हासिल करना चाहते हैं। राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ ही उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर ली।
नीतीश कुमार पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
भाषा
कैलाश रवि कांत

Facebook


