नीतीश कुमार ने 20 साल बाद मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास खाली किया
नीतीश कुमार ने 20 साल बाद मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास खाली किया
पटना, एक मई (भाषा) करीब 20 वर्षों तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास एक अणे मार्ग खाली कर दिया। वह अब सात सर्कुलर रोड स्थित आवास में स्थानांतरित हो गए हैं।
जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हां, हम लोग एक अणे मार्ग (मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास) से सात सर्कुलर रोड में स्थानांतरित हो गए हैं और अब वहीं रहेंगे।’’
निशांत ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर राज्य के सभी लोगों को शुभकामनाएं देता हूं।’’
पूर्व मुख्यमंत्री का नया पता सात सर्कुलर रोड उनके लिए अनजान नहीं है। इस आवास से उनका पुराना राजनीतिक संबंध रहा है। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के केवल दो सीटों पर सिमट जाने के बाद नीतीश कुमार ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने जीतन राम मांझी को सत्ता सौंपी थी। उस समय भी उन्होंने एक अणे मार्ग खाली कर दिया था और सात सर्कुलर रोड स्थित आवास में रहने लगे थे।
उल्लेखनीय है कि राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही यह कयास लगाया जा रहा था कि वह शीघ्र ही मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास एक अणे मार्ग खाली कर देंगे।
भाषा
कैलाश रवि कांत

Facebook


