नीतीश कुमार के विकास मॉडल को कई राज्यों ने अपनाया : बिजेंद्र प्रसाद यादव

नीतीश कुमार के विकास मॉडल को कई राज्यों ने अपनाया : बिजेंद्र प्रसाद यादव

नीतीश कुमार के विकास मॉडल को कई राज्यों ने अपनाया : बिजेंद्र प्रसाद यादव
Modified Date: June 26, 2026 / 04:24 pm IST
Published Date: June 26, 2026 4:24 pm IST

पटना, 26 जून (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास और सुशासन का ऐसा मॉडल प्रस्तुत किया है, जिसे देश के अनेक राज्यों ने अपनाया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार न्याय के साथ विकास की अपनी प्रतिबद्धता को लेकर निरंतर कार्य कर रही है।

यादव ने पटना स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) के प्राचार्य के निलंबन के संबंध में कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनसुलभ बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के पीएमसीएच निरीक्षण के दौरान प्राचार्य अनुपस्थित मिले थे और बाद में यह सूचना मिली थी कि वे अपने निजी क्लीनिक में उस समय मरीज देख रहे थे।

भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी मुठभेड़ मामले पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और जांच प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

यादव ने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

कैलाश रवि कांत


लेखक के बारे में